
सेवा संकल्प में झाड़ू थामकर उतरीं मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, श्रमदान से जगाई स्वच्छता की अलख
शिवनंदनपुर के हनुमान मंदिर परिसर में जनभागीदारी से चला सफाई अभियान; स्थल को पार्क के रूप में विकसित करने की मंशा
रायपुर,सेवा संकल्प अभियान एवं स्वच्छता ही सेवा 2026 के तहत सूरजपुर जिला के नगर पंचायत शिवनंदनपुर में जनभागीदारी से स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया।

महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने आंबेडकर चौक के समीप स्थित हनुमान मंदिर परिसर में झाड़ू लगाकर और खरपतवार हटाकर श्रमदान किया। उन्होंने स्वच्छता दीदियों, स्थानीय महिलाओं और नागरिकों के साथ सफाई में भाग लेकर सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने का संदेश दिया।

गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित अभियान में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों और नागरिकों ने मिलकर मंदिर परिसर की साफ-सफाई की। इस दौरान लोगों को अपने आसपास और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने तथा स्वच्छता को दैनिक जीवन की आदत बनाने के लिए प्रेरित किया गया।


मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने कहा कि सेवा और स्वच्छता के कार्यों में जनभागीदारी से समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। सामूहिक प्रयासों से सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ और सुंदर बनाने के साथ उनका बेहतर उपयोग भी सुनिश्चित किया जा सकता है। उन्होंने शिवनंदनपुर के इस स्थल को पार्क के रूप में विकसित करने की मंशा जताई। इससे स्थानीय नागरिकों को हरियाली के बीच एक व्यवस्थित सार्वजनिक स्थान उपलब्ध हो सकेगा और नगर की सुंदरता भी बढ़ेगी।
कार्यक्रम स्थल पर नगर पंचायत द्वारा स्थापित सेवा संकल्प अभियान के फोटो फ्रेम के साथ मंत्री ने तस्वीर खिंचवाई। स्वच्छता और कचरा मुक्त भारत के संदेशों से सुसज्जित यह फ्रेम नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने की पहल का हिस्सा रहा। अभियान के अंत में उपस्थित लोगों ने सार्वजनिक एवं धार्मिक स्थलों को स्वच्छ रखने और नगर को स्वच्छ, सुंदर तथा पॉलिथीन मुक्त बनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री विजेन्द्र सिंह पाटले, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती स्वाती सिंह, अन्य जनप्रतिनिधि, नगर पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी, स्वच्छता दीदियां और नागरिक उपस्थित रहे।



