
कोंडागांव सरपंच हत्याकांड का खुलासा, प्रेम प्रसंग के शक में की थी हत्या, 7 आरोपी गिरफ्तार
कोंडागांव। जिले के मोहपाल गांव के सरपंच मंगल सिंह मरकाम हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने आपसी रंजिश और प्रेम प्रसंग के संदेह में पूर्व नियोजित तरीके से सरपंच की डंडे और लोहे के रॉड से पिटाई कर हत्या कर दी थी। घटना के बाद शव को जंगल में छोड़ दिया और आरोपी रातभर आसपास ही मौजूद रहे।
कैसे हुआ खुलासा?
मामला 29-30 सितंबर की दरम्यानी रात का है। 30 सितंबर की सुबह करीब 8:30 बजे सीएचसी फरसगांव से थाना बड़ेडोंगर पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम मोहपाल के वर्तमान सरपंच मंगल सिंह मरकाम की अज्ञात लोगों ने मारपीट कर हत्या कर दी है।
सूचना मिलते ही एसपी पंकज चंद्रा के निर्देश पर FSL टीम, साइबर टीम, बड़ेडोंगर थाना पुलिस और रक्षित केंद्र कोंडागांव का बल घटनास्थल पर रवाना हुआ। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए और संदिग्धों से पूछताछ शुरू की।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त डंडा और लोहे का रॉड भी बरामद किया है। मामले में आगे जांच जारी है।



