Featureछत्तीसगढ़

अधिकारी परफॉर्मेंस दें अन्यथा बदलाव के लिए तैयार रहें – लक्ष्मी राजवाड़े

रायपुर / छत्तीसगढ़ शासन के महिला एवं बाल विकास विभाग में जनकल्याणकारी योजनाओं को अधिक गतिशीलता, पारदर्शिता और संवेदनशीलता से लागू करने के उद्देश्य से विभागीय मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े की पहल पर व्यापक प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। लंबे समय से एक ही स्थान पर जमे तथा दायित्वों के निर्वहन में सुस्ती व निष्क्रियता दिखा रहे अधिकारियों पर कड़ी प्रशासनिक सर्जरी करते हुए फील्ड में नई ऊर्जा और विजन से लैस अधिकारियों को तैनात किया गया है।

विभाग द्वारा जारी आदेशानुसार उप संचालक, जिला कार्यक्रम अधिकारी (DPO) एवं सहायक संचालक स्तर के 14 अधिकारियों की नवीन पदस्थापना की गई है। इस बड़े प्रशासनिक बदलाव का मुख्य ध्येय विभाग की कार्यप्रणाली में कसावट लाना और योजनाओं का त्वरित लाभ अंतिम पंक्ति के हितग्राहियों तक पहुंचाना है।

जनहित में जल्द शुरू होंगी 6 बड़ी योजनाएं, क्रियान्वयन में जुटेगी नई टीम

महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े के नेतृत्व में विभाग द्वारा प्रदेश की महिलाओं के स्वावलंबन, सुपोषण और बाल कल्याण को ध्यान में रखते हुए 6 बड़ी नई योजनाओं की रूपरेखा तैयार कर ली गई है। जनहित से जुड़ी इन आगामी 6 महत्वाकांक्षी योजनाओं को जल्द ही धरातल पर शुरू किया जाएगा।
इन नई योजनाओं के समयबद्ध, पारदर्शी और त्रुटिहीन क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के लिए फील्ड स्तर पर एक ऊर्जावान, परिणामोन्मुख और सक्रिय टीम की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। अब पदस्थ की गई नई ऊर्जावान टीम इन 6 नई योजनाओं के संचालन, प्रभावी मॉनिटरिंग और शत-प्रतिशत क्रियान्वयन को पूरी मजबूती के साथ आगे बढ़ाएगी, जिससे सीधे तौर पर जनता को योजनाओं का अधिकतम लाभ मिल सकेगा।

इन 14 अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारियां

जारी आदेश के तहत सभी 14 अधिकारियों को निम्नानुसार नवीन पदस्थापना सौंपी गई है:
​श्रीमती जगरानी एक्का – प्रभारी संयुक्त संचालक, संचालनालय, महिला एवं बाल विकास
​श्रीमती श्रुति नेरकर – उप संचालक, राज्य स्तरीय संसाधन केन्द्र, रायपुर
​श्री चन्द्रबेश सिंह सिसोदिया – उप संचालक, संचालनालय, महिला एवं बाल विकास
​श्री अशोक पांडेय – जिला कार्यक्रम अधिकारी, दुर्ग
​श्री अजय शर्मा – उप संचालक, संचालनालय, महिला एवं बाल विकास
​श्री बृजेन्द्र सिंह ठाकुर – उप संचालक, संचालनालय, महिला एवं बाल विकास
​श्री अवनी बिस्वाल – जिला कार्यक्रम अधिकारी, गरियाबंद
​श्री वरूण नागेश – प्रभारी सचिव, छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग, रायपुर
​श्री राजकुमार जाम्बुलकर – जिला कार्यक्रम अधिकारी, राजनांदगांव
​श्री सुधाकर बोदले – उप संचालक, क्षेत्रीय महिला प्रशिक्षण संस्थान, सरगुजा
​श्री लुपेन्द्र महिनाग – प्रभारी जिला कार्यक्रम अधिकारी, धमतरी
​श्री ऋतीश कुमार टंडन – प्रभारी जिला कार्यक्रम अधिकारी, बेमेतरा
​श्री अतुल दाण्डेकर – प्रभारी जिला कार्यक्रम अधिकारी, सक्ती
​श्री अनुकूल पांडेय – प्रभारी जिला कार्यक्रम अधिकारी, जशपुर

सुधार और सुशासन की दिशा में कड़ा संदेश

मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में महिला सशक्तिकरण और कुपोषण उन्मूलन के संकल्प में किसी भी स्तर पर ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। मैदानी स्तर पर वर्षों से जमे अधिकारियों के कारण कामकाज में बन रही ठहराव की स्थिति को समाप्त करने के लिए यह सुधारात्मक कदम उठाया गया है। एनर्जेटिक अधिकारियों को फील्ड में दायित्व मिलने से नवाचार को बढ़ावा मिलेगा और विभागीय कार्यक्रमों में तेजी आएगी।

मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने कहा कि शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता ‘गुड गवर्नेंस’ और जनता के प्रति जवाबदेही तय करना है। विभाग का हर अधिकारी जनसेवा की भावना से काम करे ताकि राज्य सरकार की सभी वर्तमान और जल्द शुरू होने वाली 6 नई योजनाओं का लाभ प्रदेश के हर गांव और टोले तक पूरी पारदर्शिता के साथ पहुंचे।

Related Articles

Back to top button