Featureछत्तीसगढ़

स्कूल के पास गैस सिलेंडरों का कथित अवैध भंडारण! जलती भट्टियों और नशेड़ियों के जमावड़े से बढ़ा खतरा

रायपुर: राजधानी के बैरन बाजार स्थित होली क्रॉस स्कूल के पास मैदान में संचालित एक अघोषित गैस गोदाम स्थानीय निवासियों और स्कूली बच्चों के लिए खतरे का सबब बना हुआ है। सुरक्षा मानकों को दरकिनार कर आबादी वाले क्षेत्र में भारी मात्रा में एलपीजी सिलेंडर डंप किए जा रहे हैं। प्रशासन और संबंधित गैस एजेंसी की इस अनदेखी से कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।

जिस मैदान में गैस सिलेंडर रखे जा रहे हैं, उससे कुछ ही दूरी पर होली क्रॉस स्कूल स्थित है, जहां प्रतिदिन हजारों बच्चे पढ़ने आते हैं। इसके अलावा मैदान से सटे क्षेत्र में होटल संचालित हैं, जहां भट्ठियां जलती रहती हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार, भरे हुए गैस सिलेंडरों के ठीक पास असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है, जो वहां गांजा और अन्य नशीले पदार्थों का सेवन करते हैं। जलती बीड़ी-सिगरेट या गांजे की एक छोटी सी चिंगारी किसी बड़े विस्फोट का कारण बन सकती है। इसके बावजूद गैस एजेंसी संचालक इस गंभीर खतरे से बेखबर बने हुए हैं।

क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि इस अवैध भंडारण की जानकारी होने के बावजूद प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। निवासियों ने जिला प्रशासन और खाद्य विभाग से गुहार लगाई है कि बच्चों और आम जनता की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस गैस गोदाम को तत्काल प्रभाव से बंद कराया जाए।

Related Articles

Back to top button