Featureछत्तीसगढ़रायपुर राजधानी

किसान मोर्चा 12 अगस्त को निकालेगा ट्रैक्टर, बैलगाड़ी और गेड़ी तिरंगा यात्रा

30 एवं 31 अगस्त को किसान मोर्चा की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति बैठक होगी

रायपुर / भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा आगामी 12 अगस्त को प्रदेश के सभी जिलों में ट्रैक्टर तिरंगा यात्रा, बैलगाड़ी तिरंगा यात्रा एवं पारम्परिक गेड़ी तिरंगा यात्रा निकालेगा। इसे लेकर भाजपा प्रदेश कार्यालय (कुशाभाऊ ठाकरे परिसर) में किसान मोर्चा की प्रदेशस्तरीय समीक्षा बैठक शुक्रवार को हुई। बैठक में आगामी 30-31 अगस्त को प्रस्तावित किसान मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति बैठक की तैयारियों पर भी चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए नियमित प्रवास अनिवार्य है। श्री साय ने सभी जिला एवं संभाग प्रभारियों को निर्देश दिया कि वे जिलों, मंडलों एवं शक्ति केंद्रों का नियमित प्रवास करें। प्रवास संगठन का प्राण तत्व है। हर महीने कम से कम 5 से 6 बार प्रवास करने से कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ता है और संगठन को मैदानी स्तर पर मजबूती मिलती है।

किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष आलोकसिंह ठाकुर ने आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि तिरंगा यात्रा के बाद 30 एवं 31 अगस्त को किसान मोर्चा की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति बैठक आयोजित होगी, जिसमें पूरे प्रदेश से मोर्चा के लगभग 350 पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल होंगे। बैठक में प्रदेश महामंत्री द्वय नवीन मार्कंडेय व अखिलेश सोनी, किसान मोर्चा के प्रदेश महामंत्री राकेश तिवारी एवं किसान मोर्चा की राष्ट्रीय नेत्री पिंकी जी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारियों ने आगामी तिरंगा यात्रा और प्रदेश कार्यसमिति बैठक को ऐतिहासिक बनाने के लिए रणनीति तैयार की तथा कार्यकर्ताओं को अधिक-से-अधिक संख्या में जुटने का आह्वान किया।

Related Articles

Back to top button