
बालोद। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने जिले के सभी विभाग एवं कार्यालय प्रमुखों को समय-सीमा से संबंधित प्रकरणों का निराकरण निर्धारित समयावधि में सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिससे कि शासन के मंशानुरूप आम जनता को जनकल्याणकारी योजनाओं का समुचित लाभ मिल सके। कलेक्टर श्रीमती मिश्रा आज संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में उक्ताशय के निर्देश दिए हैं। बैठक में श्रीमती मिश्रा ने सुशासन तिहार, सीएम हेल्पलाईन, पीजी आॅनलाईन पोर्टल, कलेक्टर जनदर्शन तथा उच्च न्यायालय से संबंधित प्रकरणों के निराकरण की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी अधिकारियों को सभी प्रकरणों का निर्धारित समयावधि में अनिवार्य रूप से निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील चंद्रवंशी, अपर कलेक्टर नूतन कंवर, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती मधुहर्ष सहित राजस्व अनुविभागीय अधिकारियों के अलावा अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।
बैठक में श्रीमती मिश्रा ने बालोद जिले में सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों के निराकरण की स्थिति की भी सराहना की। इसके लिए उन्होंने जिले के सभी अधिकारी-कर्मचारियों को हार्दिक बधाई दी। इस मौके पर कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने भारत सरकार के पीजी आॅनलाईन पोर्टल में प्राप्त आवेदनों की निराकरण की स्थिति की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने सभी विभाग प्रमुखों को विशेष प्राथमिकता के साथ पीजी आॅनलाईन पोर्टल में प्राप्त आवेदनों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में श्रीमती मिश्रा ने जिले के सभी अधिकारी-कर्मचारियों के आधार बेस्ड बायोमैट्रिक उपस्थिति की भी विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी अधिकारी-कर्मचारियों को सुबह 10 बजे से शाम 05.30 बजे तक अनिवार्य रूप से कार्यालय में उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा उन्होंने सुबह 10 बजे कार्य में उपस्थिति के दौरान तथा शाम 05.30 बजे कार्यालय छोड़ते वक्त अनिवार्य रूप से अपनी बायोमैट्रिक उपस्थिति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को शिक्षा विभाग के सभी अधिकारी-कर्मचारियों को इस आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के भी निर्देश दिए। श्रीमती मिश्रा ने इस संबंध में किसी प्रकार की लापरवाही बरते जाने पर संबंधित विभाग के अधिकारी-कर्मचारी के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई की भी चेतावनी दी।

बैठक में श्रीमती मिश्रा ने मुख्यमंत्री घोषणा के कार्यों के अंतर्गत गुरूर विकासखण्ड के ग्राम कर्रेझर के देवस्थल राजाराव पठार में किचन शेड निर्माण एवं विद्युतीकरण के कार्य के संबंध में भी संबंधित विभाग के अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को इस कार्य को विशेष प्राथमिकता के साथ पूरा कराने के निर्देश भी दिए। बैठक में श्रीमती मिश्रा ने बालोद जिला प्रशासन द्वारा जिले में आयोजित की जाने वाली वृहद वृक्षारोपण अभियान के तैयारियों की भी समीक्षा की। इसके अंतर्गत उन्होंने इस दौरान पौधरोपण हेतु विभागवार निर्धारित लक्ष्य के अलावा पिछले वर्ष रोपे गए पौधों की स्थिति के संबंध में भी विस्तारपूर्वक जानकारी ली। कलेक्टर ने महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी को इस वर्ष आयोजित वृहद वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत महतारी वंदन योजना से लाभान्वित जिले के सभी हितग्राहियों को अनिवार्य रूप से पौधरोपण कराने हेतु सभी तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में श्रीमती मिश्रा ने जिला विपणन एवं सहकारिता विभाग के अधिकारियों से मौजूदा खरीफ वर्ष के लिए समुचित मात्रा में खाद, बीज की उपलब्धता के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने जिले के कृषकों को समय पर खाद, बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु पूर्ण तैयारी करने को कहा। इसके अलावा उन्होंने सभी विभाग प्रमुखों से जीएसटी रिटर्न फाइलिंग के संबंध में भी जानकारी ली। बैठक में श्रीमती मिश्रा ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा मुख्य अस्पताल अधीक्षक से जिला चिकित्सालय बालोद में रेडियो लाॅजिस्ट की नियुक्ति के संबंध में भी जानकारी ली। इसके अलावा उन्होंने 14 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके बालिकाओं के सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु टीकाकरण के कार्य के संबंध में जानकारी लेते हुए इस आयु वर्ग के सभी बालिकाओं का शत प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। बैठक में श्रीमती मिश्रा ने सड़कों में विचरण करने वाले घुमन्तु पशुओं की समस्या की रोकथाम हेतु किए जा रहे उपायों के संबंध में राष्ट्रीय राजमार्ग के अनुविभागीय अधिकारी, मुख्य नगर पालिका अधिकारियों एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने सभी अधिकारियों को इसके लिए जरूरी उपाय सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।



