
दुर्ग-भिलाई: छत्तीसगढ़ के दुर्ग-रायपुर नेशनल हाईवे-53 पर गुरुवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। कुम्हारी थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार स्कूटी सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर के पीछे जा घुसी। इस टक्कर में स्कूटी पर सवार दो महिलाओं और दो बच्चियों समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के समय स्कूटी पर कुल पांच लोग सवार थे। घटना में एक साल का बच्चा गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे इलाज के लिए तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी मृतक उतई के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह हादसा सुबह करीब 10 से 10:30 बजे के बीच हुआ, जब दुर्ग से रायपुर की ओर जा रही स्कूटी (CG 07 DE 5847) हाईवे पर खड़े ट्रैक्टर (CG 07 NA 0930) से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चार लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद हाईवे पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और मृतकों की पहचान व मामले की आगे की जांच में जुट गई है।



