Featureछत्तीसगढ़

बिलासपुर में नगर निगम के सब इंजीनियर ने की खुदकुशी, सुसाइड नोट मिलने के बाद जांच तेज

बिलासपुर। सिविल लाइन क्षेत्र के महाराणा प्रताप चौक के पास स्थित निगम कालोनी में रहने वाले नगर निगम के सब इंजीनियर अमर सिंह चौहान की फांसी पर लटकी लाश मिली है। घटना की जानकारी मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें उन्होंने खुद के परेशान होने का उल्लेख किया है। हालांकि उन्होंने किस वजह से यह कदम उठाया, इसका स्पष्ट उल्लेख अभी सामने नहीं आया है।

सिविल लाइन टीआइ किशोर केंवट ने बताया कि बुधवार सुबह देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो स्वजन और आसपास के लोगों को संदेह हुआ। दरवाजा खोलकर देखा गया तो अमर सिंह चौहान का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना तत्काल सिविल लाइन पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि फांसी लगाने से पहले उन्होंने अपने हाथ की कलाई भी काटी थी। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है।

बताया जा रहा है कि अमर सिंह चौहान नगर निगम में सब इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे। हाल ही में उनका तबादला जगदलपुर किया गया था। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि क्या स्थानांतरण या कोई अन्य व्यक्तिगत अथवा पारिवारिक कारण उनकी मानसिक परेशानी की वजह था। फिलहाल इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। सिविल लाइन थाना प्रभारी किशोर केंवट ने बताया कि घटनास्थल से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है।

प्रारंभिक रूप से उसमें केवल परेशान होने का जिक्र मिला है। नोट का परीक्षण किया जा रहा है और उसकी लिखावट का भी सत्यापन कराया जाएगा। फिलहाल आत्महत्या के कारणों के संबंध में कुछ भी स्पष्ट कहना जल्दबाजी होगी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सुसाइड नोट की जांच के साथ ही परिजनों एवं परिचितों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की विस्तृत जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button