Featureछत्तीसगढ़

नकटी बुलडोजर एक्शन पर गरमाई राजनीति! भूपेश बोले- BJP नेताओं में अनबन, डिप्टी CM साव का पलटवार

रायपुर। नकटी गांव में प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि लोगों को पहले यह पता नहीं था कि सांसद बृजमोहन अग्रवाल और मुख्यमंत्री के बीच अनबन है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर लोग ओपी चौधरी के घर गए होते तो उनके मकान नहीं टूटते, लेकिन लोग बृजमोहन अग्रवाल के घर गए, इसलिए अगले ही दिन उनके मकानों पर बुलडोजर चला दिया गया।

मंगलवार को मीडिया से चर्चा के दौरान भूपेश बघेल के इस बयान पर पलटवार करते हुए उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि भूपेश बघेल अपनी पार्टी पर ध्यान दें और भाजपा के नेताओं को आपस में लड़ाने की कोशिश न करें।

इसके अलावा उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने विभिन्न मुद्दों पर भी चर्चा की। उन्होंने उत्कृष्ट खिलाड़ियों के अलंकरण, धर्मांतरण, कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर और ग्रामीण विकास से जुड़ी नई व्यवस्था पर अपनी प्रतिक्रिया दी।

उत्कृष्ट खिलाड़ियों के अलंकरण पर होगी महत्वपूर्ण चर्चा

खेल एवं युवा कल्याण विभाग की बैठक को लेकर उपमुख्यमंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में उत्कृष्ट खिलाड़ियों के अलंकरण से संबंधित बैठक आयोजित की गई है। उन्होंने कहा कि बैठक में खिलाड़ियों के सम्मान और खेलों के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी तथा आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे।

साहू समाज की बैठक में धर्मांतरण पर भी हुई चर्चा

छत्तीसगढ़ साहू समाज की बैठक में शामिल होने के बाद उपमुख्यमंत्री ने बताया कि समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ विभिन्न सामाजिक विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि बैठक में समाज को धर्मांतरण के मुद्दे पर जागरूक और सजग रहने की आवश्यकता पर भी विचार-विमर्श किया गया।

कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर पर साधा निशाना

कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर के बाद पार्टी के आक्रामक रुख अपनाने संबंधी सवाल पर अरुण साव ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस जनता के मुद्दों पर नहीं, बल्कि अपने नेताओं के बीच संघर्ष में अधिक व्यस्त है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस यदि आक्रामक होगी तो वह एक-दूसरे के खिलाफ होगी। उनके अनुसार पार्टी के पास जनता के हित में कोई स्पष्ट सोच नहीं है और केवल प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने से स्थिति नहीं बदलने वाली।

नई ग्रामीण विकास व्यवस्था का किया समर्थन

ग्रामीण विकास से जुड़ी नई व्यवस्था (वीबी जी राम जी) को लेकर कांग्रेस द्वारा उठाए जा रहे सवालों पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस हर राष्ट्रीय निर्णय का विरोध करने की आदत बना चुकी है।

उन्होंने कहा कि नई व्यवस्था वर्तमान जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। इससे ग्रामीण श्रमिकों को अधिक दिनों तक रोजगार उपलब्ध होगा, ग्राम पंचायतों के अधिकार बढ़ेंगे और स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्य कराए जा सकेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि पूरी प्रक्रिया को डिजिटल और पारदर्शी बनाया गया है, जिससे भ्रष्टाचार की संभावनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा।

Related Articles

Back to top button