
रायपुर/ बढ़ते अपराध और बिगड़ती कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता सुरेंद्र वर्मा ने कहा है कि भाजपा की सरकार प्रदेश की जनता को भयमुक्त वातावरण देने में पूरी तरह नाकाम हो चुकी है। राजधानी रायपुर में एक ही दिन में 12 घंटे के भीतर तीन-तीन हत्या, लूट, चाकूबाजी, चैन स्नैचिंग की घटनाएं इस बात का प्रमाण है कि भाजपा के कुशासन में आम जनता की सुरक्षा भगवान भरोसे है। एक ही दिन में राजधानी रायपुर में ट्रिपल मर्डर, खमतराई, भाठागांव और डब्लूआरएस कालोनी में लाशें मिली हैं। सरेआम चैन स्नैचिंग, चाकूबाजी, उठाईगिरी की घटनाएं इस सरकार और प्रशासन की क्षमता पर सवाल उठाता है। कमिश्नरी सिस्टम केवल ट्रैफिक नियमों का डर दिखाकर चालानी कार्यवाही और कमिशन वसूली तक ही सीमित है, आम जनता को इसका कोई लाभ नहीं मिला। भाजपा की सरकार में पूरा छत्तीसगढ़ अपराधगढ़ में तब्दील हो गया है, अपराधियों में कानून और पुलिस का खौफ खत्म हो गया है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता सुरेंद्र वर्मा ने कहा है कि भाजपा के कुशासन में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि अपराधी खुद ही अपने अपराध के वीडियो सोशल मीडिया में अपलोड कर रहे हैं, कोई हथियार लहरा रहा है, तो कोई चाकू मारते हुए वीडियो डाल रहा है। रेत और नशे के अवैध कारोबारी व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर मोबाइल से कारोबार कर रहे हैं। साइबर फ्रॉड बेख़ौफ़ होकर लूट मचाने हुए हैं, प्रदेश में दर्जनों सट्टा ऐप खुलेआम चल रहा है। कल ही कोरबा में एक डीजे ऑपरेटर की लाठी डंडों से पीट-पीट कर हत्या कर दी गई, भाजपा के जंगल राज में कानून व्यवस्था पूरी तरह से चौपट हो गया है।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता सुरेंद्र वर्मा ने कहा है कि महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराध बेतहाशा बढ़ रहे हैं। भिलाई में युवती के साथ गैंगरेप और हत्या, सूरजपुर में गैंगरेप इसी हफ्ते की घटना है, भाजपा की सरकार आने के बाद से छत्तीसगढ़ में औसतन 9 से 10 दुष्कर्म की घटनाएं प्रतिदिन घट रही है। कानून व्यवस्था के मामले में यह सरकार पूरी तरह फेल हो चुकी है।



