
धरसींवा / धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के विकास और आम जनता को सीधे शासकीय योजनाओं से जोड़ने के संकल्प के साथ आज धरसींवा में केन्द्र सरकार के गौरवशाली 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष में आयोजित तीन दिवसीय वृहद पंजीकरण शिविरों का समापन हुआ।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में धरसींवा विधायक अनुज शर्मा उपस्थित रहे। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर शिविर के अंतिम दिन का विधिवत शुभारंभ किया। इस तीन दिवसीय शिविर का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के नागरिकों, श्रमिकों और विभिन्न लाभार्थियों का मौके पर ही शासकीय योजनाओं के लिए सुलभ पंजीकरण करना है, ताकि उन्हें दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें।
शिविर में राज्य और केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए विशेष काउंटर लगाए गए थे, जहां भारी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों ने अपना पंजीयन कराया। इस दौरान विधायक अनुज शर्मा ने विभिन्न विभागों के पात्र लाभार्थियों को मंच से प्रमाण पत्र, स्वीकृति पत्र और किट का वितरण भी किया। शिविर के पहले ही दिन मुख्य रूप से राजस्व विभाग, श्रम विभाग, कृषि विभाग, स्वास्थ्य विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग से जुड़े सैकड़ों आवेदनों का मौके पर ही निपटारा किया गया।
हितग्राहियों को संबोधित करते हुए विधायक अनुज शर्मा ने कहा, “आज का यह दिन हमारे धरसींवा क्षेत्र के विकास और यहाँ के नागरिकों के कल्याण की दिशा में एक बेहद महत्वपूर्ण कदम है। यह तीन दिवसीय पंजीयन शिविर केवल एक सरकारी प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह शासन की योजनाओं को सीधे आपके घर तक पहुँचाने का हमारा संकल्प है। अक्सर यह देखा जाता है कि जानकारी के अभाव में या दफ्तरों के चक्कर काटने की परेशानी के कारण हमारे सीधे-साधे ग्रामीण भाई-बहन उन योजनाओं का लाभ लेने से वंचित रह जाते हैं, जो विशेष रूप से उन्हीं के लिए बनाई गई हैं।”
उन्होंने आगे कहा, “हमारी सरकार का और मेरा हमेशा से यह प्रयास रहा है कि जनता को अपनी छोटी-मोटी जरूरतों और अधिकारों के लिए भटकना न पड़े। इसी सोच के साथ इस शिविर की शुरुआत की गई है, जहाँ एक ही छत के नीचे आपकी समस्याओं का समाधान भी होगा और विभिन्न जन-कल्याणकारी योजनाओं के लिए आपका पंजीयन भी किया जाएगा। हमारा लक्ष्य केवल कागजी काम करना नहीं है, बल्कि धरसींवा के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति के जीवन में वास्तविक बदलाव लाना है। हमारी सरकार का लक्ष्य अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है और यह शिविर इसी दिशा में एक बड़ा कदम है।”
विधायक अनुज शर्मा ने जनता से अपील करते हुए कहा, “मैं इस मंच से आप सभी क्षेत्रवासियों से अपील करता हूँ कि इस तीन दिवसीय शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। अपने आस-पड़ोस के लोगों को भी इसके बारे में बताएं और उन्हें यहाँ लेकर आएं। चाहे वह किसानों से जुड़ी योजनाएं हों, माताओं-बहनों के स्वावलंबन की बात हो, या युवाओं के भविष्य से जुड़े पंजीकरण हों—यह शिविर आपके लिए खुला है।
इस गरिमामय समापन समारोह में विधायक अनुज शर्मा, जनपद पंचायत अध्यक्ष शकुंतला ढीलेंद्र सेन, राकेश यादव,प्रमोद निशाद, हनुमंत आदिल , जनपद पंचायत सीईओ आशीष केशरवानी, सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्र के ग्रामीण जन उपस्थित थे।



