Featureकांकेरछत्तीसगढ़

पॉलीटेक्निक कॉलेजों में प्रवेश हेतु ऑनलाइन काउंसिलिंग प्रारंभ

उत्तर बस्तर कांकेर, तकनीकी शिक्षा संचालनालय द्वारा सत्र 2026-27 हेतु पॉलीटेक्निक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन काउंसिलिंग कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। प्रथम चरण की काउंसिलिंग 11 जून से प्रारंभ हो गई है। प्रवेश प्रक्रिया तीन चरणों में आयोजित की जाएगी। प्रथम चरण की ऑनलाइन पंजीयन प्रक्रिया 11 जून से शुरू हो गई है।  इसके पश्चात द्वितीय चरण 26 जून तथा तृतीय चरण 11 जुलाई से प्रारंभ किया जाएगा। पीपीटी परीक्षा में सम्मिलित अभ्यर्थी एवं लेटरल एंट्री के पात्र अभ्यर्थी निर्धारित तिथियों में तकनीकी शिक्षा संचालनालय की वेबसाइट पर जाकर अपना ऑनलाइन पंजीयन कर सकते हैं तथा काउंसिलिंग हेतु विकल्प (चॉइस फिलिंग) दर्ज कर सकते हैं।
शासकीय पॉलीटेक्निक कांकेर के प्राचार्य डॉ. शैलेंद्र सिंह ने बताया कि शासकीय पॉलीटेक्निक कांकेर में सिविल इंजीनियरिंग, मैकेनिकल इंजीनियरिंग तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एंड टेलीकम्युनिकेशन इंजीनियरिंग शाखाओं का संचालन किया जा रहा है। प्रत्येक शाखा में 30-30 सीटें उपलब्ध हैं तथा प्रवेश पीपीटी की मेरिट के आधार पर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि बारहवीं (गणित विषय के साथ) अथवा आईटीआई उत्तीर्ण विद्यार्थी लेटरल एंट्री योजना के अंतर्गत बिना प्रवेश परीक्षा के सीधे द्वितीय वर्ष में प्रवेश प्राप्त करने के पात्र हैं। ऐसे अभ्यर्थियों को भी निर्धारित तिथियों में ऑनलाइन पंजीयन एवं काउंसिलिंग फॉर्म भरना अनिवार्य होगा। लेटरल एंट्री के माध्यम से प्रवेश संबंधित नियमों के अनुसार मेरिट के आधार पर प्रदान किया जाएगा।
मेरिट के आधार पर सीट आवंटन किए जाने के बाद अभ्यर्थियों को संबंधित संस्था में प्रवेश लेना होगा। प्रवेश के समय दस्तावेज सत्यापन हेतु काउंसिलिंग फॉर्म की प्रिंट प्रति, सीट आवंटन पत्र, दसवीं की अंकसूची, पीपीटी स्कोर कार्ड (जहां लागू हो), बारहवीं अथवा आईटीआई की अंकसूची (लेटरल एंट्री अभ्यर्थियों हेतु), निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र (आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों हेतु) तथा आधार कार्ड प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। प्राचार्य डॉ. शैलेन्द्र सिंह ने कहा  कि शासकीय पॉलीटेक्निक कांकेर में गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा, अनुभवी प्राध्यापकों द्वारा अध्यापन तथा आधुनिक प्रयोगशाला सुविधाएं उपलब्ध हैं। इच्छुक विद्यार्थी निर्धारित समयावधि में ऑनलाइन पंजीयन कर प्रवेश प्रक्रिया में भाग लेकर अपने तकनीकी शिक्षा के सपने को साकार कर सकते हैं।

Related Articles

Back to top button