Featureछत्तीसगढ़

आरोपी विधायक टोप्पो के साथ खड़ा होना भाजपा का हिंसक चरित्र – दीपक बैज

मुख्यमंत्री साय, गृह मंत्री शर्मा बताये, वे संविधान के साथ है या पार्टी के असंवैधानिक निर्णय के

रायपुर/ अधिकारी के साथ मारपीट करने वाले विधायक रामकुमार टोप्पो के साथ भाजपा के खड़े होने के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि भाजपा ने विधायक रामकुमार टोप्पो के साथ खड़ा होने का बयान देकर अपने हिंसात्मक सोच को उजागर किया है। भाजपा जो सरकार में है तथा एक राजनैतिक दल के रूप में राज्य की कानून व्यवस्था बनाना जिसकी संवैधानिक जवाबदारी है कि वह अपराधी के साथ कैसे खड़े हो सकती है? मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और गृह मंत्री विजय शर्मा इस मामले में अपना स्टैण्ड क्लियर करे। वे दोषी विधायक के खिलाफ कार्यवाही का साहस दिखायेंगे? मुख्यमंत्री साय, गृह मंत्री शर्मा बताये, वे संविधान के साथ है या पार्टी के असंवैधानिक निर्णय के साथ है?

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि भाजपा ने अपने नेताओं, कार्यकर्ताओं को अधिकारी कर्मचारियों, पत्रकारों एवं आमजनता के साथ मारपीट, गुंडागर्दी, दुर्व्यवहार, हिंसा करने की छूट दी है इसलिए प्रदेश में लगातार भाजपा नेताओं की गुंडागर्दी की खबरे सामने आ रही है, जो लोकतंत्र एवं संविधान में स्वीकार नहीं है। भाजपा संगठन और सरकार गुंडागर्दी करने वाले अपने नेताओं को बचा रही है, इसलिए एफआईआर के बाद रामकुमार टोप्पो की अब तक गिरफ्तारी नहीं हो रही है। प्रदेश में कानून का मखौल उड़ाया जा रहा है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव सिंह से पूछा अधिकारी, कर्मचारियों के साथ मारपीट करने वाले लोगों को वो कैसे समर्थन कर सकते है? क्या प्रदेश में जंगलराज है? अगर अधिकारी, कर्मचारी जनता का काम समय पर नहीं कर रहे है तो इसकी जिम्मेदारी किसकी है? सरकार के नियंत्रण में प्रशासन नहीं है, ये तो सरकार की असफलता है। ऐसे में सरकार की कमियां दूर करने के बजाय भाजपा नेताओं की गुंडागर्दी को समर्थन करना कहाँ तक जायज है? भाजपा गुंडागर्दी करने वाले नेताओं के साथ खड़ा होने का बयान देकर आमजनता एवं अधिकारी, कर्मचारियों को उकसा नहीं रही है? क्या भाजपा को संविधान पर भरोसा नहीं है? कांग्रेस मांग करती है कि आरोपी भाजपा विधायक रामकुमार टोप्पो की तत्काल गिरफ्तारी की जाये।

Related Articles

Back to top button