Featureकांकेरछत्तीसगढ़

राष्ट्रीय साधन सह प्रवीण छात्रवृत्ति परीक्षा 02 मई को

पात्र विद्यार्थियों को लक्ष्य आधारित तैयारी से जोड़ा गया

उत्तर बस्तर कांकेर, राष्ट्रीय साधन सह प्रवीण छात्रवृत्ति परीक्षा (एनएमएमएसई)  का 02 मई को दो पालियों में आयोजित किया जाएगा। जिले में इस महत्वपूर्ण परीक्षा के लिए व्यापक एवं सुनियोजित तैयारी प्रारंभ कर दी गई है। समस्त विकासखंड शिक्षा अधिकारी एवं शासकीय उच्च प्राथमिक शालाओं के संस्था प्रमुखों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं, जिसके तहत कक्षा 8वीं के पात्र विद्यार्थियों को लक्ष्य आधारित तैयारी से जोड़ा गया है। जिला स्तर पर तैयार प्रश्न-पत्र, जिसमें विभिन्न वर्षों के अति महत्वपूर्ण प्रश्नों को समाहित किया गया है, के आधार पर विद्यार्थियों का नियमित अभ्यास कराया जा रहा है। इसके अंतर्गत 23 अप्रैल को मॉक टेस्ट आयोजित किया जाएगा। विद्यार्थियों की तैयारी को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से प्रतिदिन प्रातः 09 बजे से 11 बजे तक टेस्ट आयोजित किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही अगले दिवस संबंधित विद्यार्थियों को उनके टेस्ट का परिणाम प्रदान करते हुए उनकी प्रगति का विश्लेषण भी किया जाएगा, जिससे कमजोर बिंदुओं की पहचान कर सुधारात्मक कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके। विद्यार्थियों की तैयारी को और सशक्त बनाने हेतु ऑनलाइन कक्षाओं का संचालन भी प्रारंभ किया गया है, जिससे विद्यार्थी निरंतर मार्गदर्शन प्राप्त कर सकें।
जिला शिक्षा अधिकारी रमेश निषाद ने बताया कि तैयारी की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सभी विद्यालयों को निर्देशित किया गया है। वे कक्षाओं, टेस्ट एवं अन्य शैक्षणिक गतिविधियों की फोटो एवं जानकारी नियमित रूप से साझा करें, जिससे मॉनिटरिंग किया जा सके।

Related Articles

Back to top button