
उत्तर बस्तर कांकेर, आगामी 09 मई को आयोजित होने वाली वर्ष 2026 की द्वितीय नेशनल लोक अदालत के सफल आयोजन एवं अधिकाधिक प्रकरणों के निराकरण हेतु जिला न्यायालय कांकेर में अधिवक्ता संघ के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री संजीव कुमार टामक द्वारा की गई। उक्त बैठक में राजीनामा एवं समझौते योग्य लंबित प्रकरणों को नेशनल लोक अदालत के माध्यम से अधिकतम संख्या में निराकृत किए जाने पर विशेष बल दिया गया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री टामक द्वारा अधिवक्ताओं से अपील की गई कि वे अपने पक्षकारों को समझाकर राजीनामा योग्य प्रकरणों को समय पर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करें। बैठक में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कांकेर श्री भास्कर मिश्र, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्रीमती शांति प्रभु जैन एवं अधिवक्ता संघ कांकेर के अधिवक्तागण उपस्थित रहे।



