Featureखेलराष्ट्रीय

मुंबई इंडियंस को बुमराह पर निर्भरता कम करने की जरूरत: फाफ डुप्लेसी

दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान फाफ डुप्लेसी ने मुंबई इंडियंस को जसप्रीत बुमराह पर बहुत ज्यादा निर्भरता को कम करने की नसीहत दी है। उन्होंने कहा अगर MI को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में निरंतरता हासिल करनी है तो उसे गेंदबाजी विभाग में बुमराह पर अपनी अत्यधिक निर्भरता कम करनी होगी।

 

दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान फाफ डुप्लेसी ने मुंबई इंडियंस को जसप्रीत बुमराह पर बहुत ज्यादा निर्भरता को कम करने की नसीहत दी है। दक्षिण अफ्रीकी दिग्गज ने कहा कि अगर MI को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में निरंतरता हासिल करनी है तो उसे गेंदबाजी विभाग में बुमराह पर अपनी अत्यधिक निर्भरता कम करनी होगी।

मुंबई इंडियंस हमेशा धीमी शुरुआत करती है। इस बार उसने टूर्नामेंट का पहला मैच जीता लेकिन इसके बाद वह लगातार तीन मैच हार चुकी है।

रविवार को मुंबई में खेले गए मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने उसके खिलाफ चार विकेट पर 240 रन बनाए। इसके जवाब में मुंबई इंडियंस की टीम पांच विकेट पर 222 रन ही बना पाई।

तेज गेंदबाज बुमराह उसके लिए तुरुप का इक्का हैं, लेकिन चार मैचों में उन्हें अभी तक एक भी विकेट नहीं मिला है। डुप्लेसी का मानना ​​है कि मुंबई इंडियंस को बुमराह के चार ओवरों से आगे के बारे में सोचना होगा और साथ ही अपने इस तेज गेंदबाज का विवेकपूर्ण इस्तेमाल करना होगा।

डुप्लेसी ने स्टार स्पोर्ट्स से कहा, ‘विशेषकर बड़े स्कोर वाले मैच में आपको यह आकलन करना होगा कि बुमराह के चार ओवरों को छोड़कर बाकी गेंदबाज कितना रन दे रहे हैं। बुमराह आमतौर पर बहुत किफायती होते हैं। मुंबई इंडियंस को इस समस्या का समाधान करना होगा।’

उन्होंने कहा, ‘मुंबई इंडियंस को बुमराह का महत्वपूर्ण मौकों पर उपयोग करके उनकी क्षमता का पूरा फायदा उठाना होगा, लेकिन मजबूत बल्लेबाजी लाइनअप के दबदबे को देखते हुए यह आसान नहीं होगा। उन्हें अपनी रणनीति पर फिर से विचार करना होगा।’

भारत के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर का मानना ​​है कि मुंबई इंडियंस को बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभाग में पावरप्ले में सुधार करने की जरूरत है।

गावस्कर ने कहा, ‘जीत के लिए जरूरी रन रेट के साथ बने रहने के लिए उन्हें पावरप्ले में कम से कम 12 रन और बनाने थे, लेकिन वे ऐसा नहीं कर पाए। स्ट्राइक रोटेट करने के बावजूद जीत के लिए जरूरी रन रेट बढ़ता ही रहा। यह एक ऐसा क्षेत्र है जिस पर उन्हें ध्यान देने की जरूरत है।’

रविवार को हुए मैच की बात करें तो आरसीबी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए फिल सॉल्ट, विराट कोहली और कप्तान रजत पाटीदार के अर्धशतकों की बदौलत 4 विकेट पर 240 रन बनाए। जसप्रीत बुमराह इस मैच में भी विकेट का खाता नहीं खोल पाए, हालांकि वह मुंबई इंडियंस के लिए सबसे किफायती गेंदबाज जरूर रहे। बुमराह ने 4 ओवर में सिर्फ 35 रन दिए। उन्होंने 7 डॉट गेंदें फेंकी।

जीत के लिए 241 रनों के लक्ष्य का पीछा कर रही मुंबई इंडियंस की टीम निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर सिर्फ 222 रन ही बना सकी। इस तरह आरसीबी ने यह मैच 18 रन से जीत लिया।

Related Articles

Back to top button