Featureभोपाल

भोपाल में PNG नेटवर्क का विस्तार, 170 कॉलोनियों में पहुंची गैस, 3 महीने में 75000 कनेक्शन का लक्ष्य

भोपाल। शहर की 170 कॉलोनियों में पीएनजी नेटवर्क पहुंच चुका हैं, जिनके माध्यम से जल्द ही आपूर्ति शुरू की जाएगी। इसके लिए तेजी से काम शुरू किया जाए, वहीं गेहूं खरीदी के लिए सभी उपार्जन केंद्रों पर व्यवस्थाएं की जाएं। यह निर्देश संभागायुक्त संजीव सिंह ने शुक्रवार को समय सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को दिए हैं।

संभागायुक्त ने सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन गतिविधियों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि जिन 170 चिह्नित कॉलोनियों में पीएनजी गैस पाइपलाइन नेटवर्क पहुंच चुका है। वहां पीएनजी कनेक्शन के लिए विशेष शिविर आयोजित किए जाएं और इसकी प्रतिदिन मॉनिटरिंग की जाए। उन्होंने अगले तीन महीने में 70 से 75 हजार घरों में पीएनजी कनेक्शन उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित करने के निर्देश दिए है।

अधिकारियों ने बताया कि भोपाल में वर्तमान में लगभग आठ हजार घरों में घरेलू पीएनजी कनेक्शन के माध्यम से प्राकृतिक गैस की आपूर्ति की जा रही है। इसके अतिरिक्त लगभग 42 हजार ऐसे घर हैं जहां तत्काल आवेदन करने पर पीएनजी कनेक्शन उपलब्ध कराया जा सकता है।

इसके अलावा संभागायुक्त ने जिलों में गेहूं उपार्जन की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि गेहूं उपार्जन कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ संचालित किया जाए और उपार्जन केंद्रों पर किसानों के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाए। उपार्जन कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Related Articles

Back to top button