
उत्तर बस्तर कांकेर, आगामी जनगणना-2027 के प्रथम चरण के लिए मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना हेतु जिला स्तरीय दो दिवसीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन आज किया गया। उक्त कार्यशाला में जनगणना से संबंधित विस्तारपूर्वक जानकारी चार्ज अधिकारियों को दी गई, साथ ही विभिन्न प्रावधानों के बारे में अवगत कराया गया।
जिला पंचायत के सभाकक्ष में आज सुबह आयोजित प्रशिक्षण सह कार्यशाला के प्रथम दिवस में राज्य स्तरीय मास्टर टेªनर द्वारा जनगणना अधिनियम 1948 तथा 1990 में विहित धाराओं तथा उपधाराओं की जानकारी विस्तारपूर्वक दी गई। इसके अलावा स्वगणना मकान सूचीकरण (एचएलओ) का निर्माण, ग्राम एवं नगर के चार्ज रजिस्टर में प्रविष्टियां, मकान सूचीकरण ब्लॉक (एचएलबी) का नजरी नक्शा तैयार करना, स्वगणना की प्रक्रिया, पोर्टल का उपयोग करना, प्रगणकों की नियुक्ति आदि के संबंध में जानकारी दी गई। इस दौरान बताया गया कि इस बार जनगणना दो चरणों में पेपरलेस यानी ऑनलाइन पद्धति से ही सम्पन्न होगी। प्रथम चरण में 01 मई से 30 मई के बीच सम्पन्न होगी, जिसमें प्रगणकों द्वारा भवनों का चिन्हांकन एवं सूचीकरण कर संख्या निर्धारित की जाएगी, जबकि दूसरे चरण में फरवरी 2027 में जनगणना की जाएगी। इसके अलावा प्रथम चरण की जनगणना के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देशों की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दी गई। कार्यशाला में अपर कलेक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी श्री जितेन्द्र कुमार कुर्रे, विभिन्न अनुभागों के अनुविभागीय जनगणना अधिकारी, ग्रामीण एवं नगरीय चार्ज अधिकारी एवं सहायक चार्ज अधिकारीगण उपस्थित थे।



