Featureकांकेरछत्तीसगढ़

निर्माण कार्यों को समय-सीमा में पूरा करें- कलेक्टर क्षीरसागर

 

उत्तर बस्तर कांकेर, जिले में 31 मार्च तक पांच नए बैंकों की शुरूआत होगी, जिसके लिए भवनों में आवश्यक सुविधाएं जुटाई जा रही हैं। दुर्गूकोंदल विकासखण्ड के ग्राम कोड़ेकुर्से में यश बैंक, भानुप्रतापपुर के ग्राम पंचायत नारायणपुर में फेडरल बैंक, नरहरपुर विकासखण्ड के देवगांव में फेडरल बैंक, कोयलीबेड़ा विकासखण्ड के छोटेबेठिया में ए.यू. स्माल फाइनेंस बैंक और अंतागढ़ विकासखण्ड के ग्राम भैंसासुर में ए.यू. स्माल फाइनेंस बैंक का शाखा खोला जाएगा, जिसे 31 मार्च तक अनिवार्य रूप से शुरू करने के लिए संबंधित बैंकों के शाखा प्रबंधकों को कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर द्वारा निर्देशित किया गया है। इन बैंकों के शुरू हो जाने से दूरस्थ क्षेत्रों के निवासियों को बैंकिंग सुविधाओं का लाभ मिलेगा। आज सोमवार को आयोजित समय-सीमा की बैठक में विभिन्न निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने इन नए बैंकों के लिए आवश्यक भवन और उनमें सुविधाओं के संबंध में समीक्षा की तथा संबंधित क्षेत्र के जनपद सीईओ को बैंकों के लिए आवश्यक सुविधाएं मुहैया कराने के निर्देश भी दिए।

निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने के लिए संबंधित निर्माण एजेंसी विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया। इन कार्यों में प्रमुख रूप से ग्राम पंचायतों में निर्माणाधीन सामुदायिक भवन, टीना शेड, बाउण्ड्रीवॉल, देवगुड़ी सहित अन्य निर्माण कार्य शामिल हैं। बस्तर विकास प्राधिकरण तथा सांसद एवं विधायक निधि अंतर्गत स्वीकृत कार्यों की समीक्षा की गई और सभी कार्यों को समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए गए। जन्म-मृत्यु पंजीयन, कौशल विकास, अविवादित नामांतरण, बंटवारा के प्रकरण सहित जनदर्शन के दौरान प्राप्त आवेदन पत्रों के निराकरण की भी समीक्षा उनके द्वारा किया गया तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हरेश मंडावी, अपर कलेक्टर श्री जितेन्द्र कुर्रे एवं ए.एस. पैकरा, सभी एसडीएम, विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी, जनपद सीईओ और नगरीय निकायों के अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button