
आज वैलेंटाइन वीक का टेडी डे है। यह सप्ताह का चौथा दिन होता है, जिसे हर साल 10 फरवरी को मनाया जाता है। इस दिन लोग अपने पार्टनर को टेडी बियर गिफ्ट करके प्यार, अपनापन और केयर का इजहार करते हैं। टेडी डे का चलन धीरे-धीरे दुनिया भर में लोकप्रिय हुआ और अब यह वैलेंटाइन वीक का खास हिस्सा बन चुका है। टेडी बियर को क्यूटनेस, भावनाओं और आराम का प्रतीक माना जाता है, इसलिए इस दिन इसे गिफ्ट में देने की परंपरा शुरू हुई। रोज, प्रपोज और चॉकलेट डे मनाने के बाद ये दिन आता है और इस खास दिन पर लोग एक दूसरे को तोहफे में टेडी गिफ्ट करते हैं। इसके बाद वैलेंटाइन वीक में 11 फरवरी को प्रॉमिस डे (Promise Day) मनाया जाता है। चलिए टेडी डे के बारे में कुछ खास बातें जानते हैं।
टेडी डे का दिन क्यों है खास
– 1902 में अमेरिका के राष्ट्रपति थियोडोर टेडी रूजवेल्ट एक बार शिकार पर गए थे और वहां उनके सामने एक घायल भालू पकड़कर लाया गया। उनसे कहा गया कि इसे मार दो फिर हम इसे पका सकते हैं। राष्ट्रपति रूजवेल्ट को ये काफी क्रूर लगा और उन्होंने ये करने से साफ मना कर दिया।

– ये घटना बड़े-बड़े अखबारों ने छापी। ऐसा लिखा गया कि लोग शेर का शिकार कर लेते हैं और राष्ट्रपति भालू भी नहीं मार पाए। तो वही कुछ अखबारों ने उनकी तारीफ में इस बात को लिखा और साथ में रूजवेल्ट और एक छोटे भालू का कार्टून बना दिया।
– इसी घटना से प्रेरित होकर अमेरिका के न्यूयॉर्क में रहने वाले एक दुकानदार Morris Michtom और उनकी पत्नी ने एक प्यारा सा भालू बनाया, जो काफी सॉफ्ट और सुंदर दिख रहा है। उसका नाम दिया गया टेडी बियर। इस खिलौने का नाम राष्ट्रपति के निकनेम से चुनकर रखा गया था। उनके नाम में टेडी आता था और बियर का मतलब भालू होता है।
– टेडी बियर मार्केट में आते ही फेमस हो गया और इसकी धड़ल्ले से बिक्री हुई। कपल्स भी एक दूसरे को तोहफे में टेडी बियर देने लगे। फिर वैलेंटाइन वीक की शुरुआत हुई, तो 10 फरवरी को टेडी डे के रूप में मनाया जाने लगा। टेडी बियर को प्यार, अपनापन का प्रतीक माना जाने लगा।
– अब टेडी बियर को कई अलग तरीके से बनाया जाता है और ये पीला, लाल, गुलाबी, सफेद, भूरे रंग में आता है। हर रंग के हिसाब से आप अपने मनपसंद व्यक्ति को टेडी बियर गिफ्ट में दे सकते हैं, जैसे गुलाब के रंगों के हिसाब से प्यार और दोस्ती तय होती है, वैसे ही टेडी बियर के रंग के भी अलग मतलब है।



