Featureछत्तीसगढ़

मतदाता सूची विवाद में हंगामा: भाजपा महिला कार्यकर्ता के कपड़े फाड़े गए

हुबली। कर्नाटक के हुबली में प्रदर्शन के दौरान भाजपा महिला कार्यकर्ता को पुलिस ने हिरासत में लिया, इस दौरान उसके साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार किए जाने का आरोप लगा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कांग्रेस पार्षद सुवर्णा कल्लाकुंतला की शिकायत के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महिला कार्यकर्ता को हिरासत में लिया था।

यह मामला केशवापुर राणा क्षेत्र में मतदाता सूची संशोधन के दौरान कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच हुए विवाद से जुड़ा है। आरोप है कि हिरासत के दौरान महिला ने विरोध किया और आपत्ति जताई, जिसके बाद पुलिस ने उस पर हमला किया और उसके कपड़े फाड़ दिए। बताया जा रहा है कि संबंधित महिला पहले कांग्रेस से जुड़ी हुई थी और हाल ही में भाजपा में शामिल हुई है।

जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत इस आरोप से हुई कि महिला ने अधिकारियों को कुछ मतदाताओं के नाम हटाने में मदद की थी, हालांकि महिला ने इन आरोपों से इनकार किया है। इसी मुद्दे को लेकर दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई, जिसके बाद पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।

पुलिस की ओर से अब तक हिरासत के दौरान कथित दुर्व्यवहार को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। इस घटना के बाद इलाके में राजनीतिक तनाव बढ़ गया है और कांग्रेस तथा भाजपा, दोनों दलों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ शिकायतें दर्ज कराई गई हैं।

Related Articles

Back to top button