Featureकांकेरछत्तीसगढ़

आरटीओ ई-चालान के नाम पर साइबर ठगी से सावधान रहने की अपील

 

उत्तर बस्तर कांकेर / छत्तीसगढ़ राज्य में आरटीओ ई-चालान के नाम पर साइबर ठगी के मामलों में वृद्धि को देखते हुए परिवहन विभाग ने आम नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है। कार्यालय परिवहन आयुक्त, छत्तीसगढ़ द्वारा बताया गया है कि कुछ साइबर अपराधी विभागीय वेबसाइट का क्लोन पेज बनाकर फर्जी ई-चालान के संदेश भेज रहे हैं और लोगों को ट्रैफिक नियम तोड़ने का डर दिखाकर उनके बैंक खाते से पैसे चुरा रहे हैं।
परिवहन विभाग के अनुसार, ठगों द्वारा भेजे जा रहे मैसेज या लिंक (जैसे apk फाइल या किसी निजी मोबाइल नंबर से भेजे गए संदिग्ध लिंक) पर क्लिक करने से लोगों की व्यक्तिगत जानकारी और बैंक विवरण चोरी हो सकते हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि ई-चालान की सही जानकारी केवल आधिकारिक वेबसाइट https://echallan.parivahan.gov.in पर ही उपलब्ध है।
विभाग ने नागरिकों को सलाह दी है कि अपने चालान की जांच के लिए सीधे आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर “Pay Online” विकल्प चुनें, चालान नंबर एवं कैप्चा कोड दर्ज कर “Get Detail” पर क्लिक करें और मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी के माध्यम से चालान का पूरा विवरण देखें। पुलिस एवं परिवहन विभाग द्वारा किए गए वास्तविक ई-चालान की सूचना पंजीकृत मोबाइल नंबर पर केवल इसी आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से भेजी जाती है।
परिवहन आयुक्त कार्यालय ने यह भी अपील की है कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति को ऑनलाइन भुगतान न करें और अपने बैंक खाते से होने वाले लेन-देन में सतर्क रहें। किसी भी प्रकार के धोखाधड़ी वाले कॉल, संदेश या ऐप की जानकारी तुरंत नजदीकी पुलिस थाने में दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Related Articles

Back to top button