
दंतेवाड़ा। नगर पालिका परिषद दंतेवाड़ा द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत शहरी क्षेत्र के पात्र हितग्राहियों को आवास उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य लगातार प्रगति पर है। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं पारदर्शी भुगतान प्रणाली के माध्यम से अब तक कुल 7 हितग्राहियों को रुपये 4.89 लाख की अनुदान राशि का भुगतान सफलतापूर्वक किया जा चुका है। आगामी चरण में कुल 5 अतिरिक्त हितग्राहियों को अनुदान राशि का भुगतान किए जाने हेतु संबंधित आहरण एवं संवितरण अधिकारी कार्यालय में बिल प्रेषित कर दिया गया है। यह राशि सीधे हितग्राहियों के बैंक खातों में डीबीटी प्रणाली के माध्यम से हस्तांतरित की गई है।
उल्लेखनीय है कि नगर पालिका परिषद कों पीएमजीएसवाय 2.0 योजना के तहत 32 आवास स्वीकृत किए गए थे। इस क्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत बीएलसी (प्रथम चरण) तथा पीएमजीएसवाय 2.0 के तहत निर्माणाधीन सभी आवासों में नियमानुसार निर्माण प्रगति होने पर, यथा नींव, लिंटल, छत एवं पूर्णता स्तर पर कार्य पूर्ण होगा, उसी अनुरूप शत-प्रतिशत अनुदान राशि का भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा।

इसके साथ ही कुछ हितग्राहियों के आधार सीडिंग, बैंक खाता लिंकिंग से संबंधित तकनीकी समस्याएँ सामने आई हैं, जिनके समाधान हेतु नगर निकाय द्वारा संबंधित विभागों एवं बैंकों के समन्वय से निरंतर कार्य किया जा रहा है, ताकि किसी भी पात्र हितग्राही को अनुदान प्राप्त करने में कोई बाधा न आए। नगरपालिका परिषद अंतर्गत सभी पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध एवं पारदर्शी रूप से योजना का लाभ देने हेतु सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। परिषद प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से “सभी के लिए आवास” के संकल्प को साकार करने हेतु प्रतिबद्ध है और आने वाले समय में और अधिक हितग्राहियों को पक्के आवास उपलब्ध कराकर उनके जीवन स्तर में सकारात्मक परिवर्तन लाने की दिशा में निरंतर प्रयासरत रहेगा।



