
उत्तर बस्तर कांकेर, 16 अगस्त 2025/ जिला कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक कलेक्टर जनदर्शन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे आवेदकों ने अपनी विभिन्न मांगों एवं समस्याओं को लेकर कुल 44 आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने प्राप्त आवेदनों पर कार्यवाही करते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के लिए अग्रेषित किया।
जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित कलेक्टर जनदर्शन में चारामा विकासखण्ड के ग्राम पंचायत कोटेला के सरपंच सहित ग्रामीणों ने नवीन पंचायत भवन स्वीकृति के लिए कलेक्टर के समक्ष आवेदन प्रस्तुत किया गया। इसी प्रकार ग्राम कुर्रूभाट में नवीन आंगनबाड़ी भवन, ग्राम धौराभाट में पुराने जर्जर भवन को डिस्मेंटल करते हुए अतिरिक्त कक्ष निर्माण तथा जर्जर शाला भवन की मरम्मत, ग्राम पंचायत गितपहर में सामुदायिक शौचालय निर्माण, सोख्ता गड्ढा निर्माण, सौर ऊर्जा लाइट लगाने, आंगनबाड़ी और प्राथमिक शाला जर्जर की मरम्मत कराने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया गया। ग्राम हाटकोंदल में नल जल योजना अंतर्गत सौर ऊर्जा लगाने, ग्राम पंचायत छोटेबेठिया में नवीन धान खरीदी केन्द्र संचालन कराने, तुएगहन में पुल एवं सड़क निर्माण, आवास योजना दिलाने, आर्थिक सहायता दिलाने जैसे विभिन्न प्रकार की मांगों व समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवेदनों का शीघ्र निराकरण करने हेतु निर्देशित किया। इस अवसर पर डीएफओ भानुप्रतापपुर श्री हेमचंद पहारे, जिला पंचायत के सीईओ श्री हरेश मंडावी, अपर कलेक्टर द्वय श्री जितेन्द्र कुमार कुर्रे एवं श्री ए.एस. पैकरा सहित सभी अनुविभागीय अधिकारी और जिला स्तर के अधिकारीगण मौजूद थे।



