

उत्तर बस्तर कांकेर 28 अगस्त 2025/ कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर के मार्गदर्शन में संचालित निःशुल्क कोचिंग संस्थान ‘मावा मोदोल’ में चयन परीक्षा 17 अगस्त को आयोजित की गई थी, जिसमें मेरिट के आधार पर उत्तीर्ण हुए छात्र-छात्राओं की काउंसिलिंग 30 एवं 31 अगस्त को मावा मोदोल केन्द्र कचहरी प्रांगण में प्रातः 10 बजे से दोपहर 02 बजे तक प्रस्तावित है। चयनित छात्रों की सूची जिले की वेबसाइट kanker.gov.in में अपलोड किया गया है।
जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि माओवाद प्रभावित क्षेत्रों के आदिवासी व अन्य संवर्ग के छात्र-छात्राओं के जीवन स्तर को सुधारने एवं शासकीय नौकरी के लिए इच्छुक विद्यार्थियों हेतु प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए निःशुल्क कोचिंग संस्थानों जिला मुख्यालय कांकेर में प्रारंभ किया गया है। इसमें छात्र-छात्राओं की स्क्रीनिंग टेस्ट एवं मेरिट बच्चों का काउंसिलिंग के माध्यम से चयन किया जाएगा। स्क्रीनिंग टेस्ट में जिले से कुल 1474 छात्र सम्मिलित हुए हैं। परीक्षा हेतु विषय विशेषज्ञों के द्वारा 120 प्रश्न प्रत्येक प्रश्न 02 अंक के आधार पर प्रश्न पत्र तैयार किया गया था। परीक्षा पूर्णांक 240 अंक स्क्रीनिंग टेस्ट व 10 अंक काउंसिलिंग हेतु रखा गया है। उन्होंने बताया कि परीक्षा में सीजीपीएससी, व्यापम, रेल्वे, बैंक व अन्य प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी विषय विशेषज्ञों द्वारा कराई जाएगी तथा नया बैच 01 सितम्बर से प्रारंभ किया जाएगा। वर्तमान में मावा मोदोल में 300 अतिरिक्त सीट की वृद्धि की जा रही है, इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण की जा चुकी हैं। सीजीपीएससी एवं व्यापमं परीक्षा की तैयारी हेतु अलग से नवीन बैच प्रारंभ किया जाएगा। जिला शिक्षा अधिकारी ने चयनित छात्र-छात्राओं से अपील की है कि निर्धारित तिथि एवं समय पर काउंसिलिंग में दो फोटो, आधार कार्ड, अंतिम उत्तीर्ण मार्कशीट की कापी के साथ दिए गए स्लॉट समय पर उपस्थित हों।
छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग 2022 एवं 2023 बैच के प्रशिक्षु कलेक्टर का दल कांकेर जिले के प्रवास पर रहे डिप्टी कलेक्टरों के दल ने मावा मोदोल निःशुल्क कोचिंग संस्थान कांकेर का भ्रमण किया और छात्र-छात्राओं को मार्गदर्शन दिए। प्रशिक्षु डिप्टी कलेक्टरों में प्रमुख रूप से सुश्री शिक्षा शर्मा, भावना साहू, शुभांगी गुप्ता, देवाशीष कुर्रे, अभिषेक तंबोली, सारिका मित्तल, लोकांश एल्मा, सुमित धु्रव, शुभमदेव गुप्ता, रश्मि पोयाम ने अपने अनुभव साझा करते हुए छात्रों को प्रोत्साहित एवं प्रेरित किया।




