
उत्तर बस्तर कांकेर, 01 अगस्त 2025/ प्रदेश के आदिम जाति, अनुसूचित जाति विकास, कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री श्री रामविचार नेताम ने इमलीपारा कांकेर स्थित प्रयास आवासीय विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने छात्रावास परिसर में अधीक्षक कक्ष एवं कंप्यूटर कक्ष का अवलोकन कर ऑनलाइन लेक्चर में सम्मिलित छात्र-छात्राओं से संवाद किया तथा उन्हें जीवन में सफल होने के टिप्स भी दिए।

निरीक्षण के दौरान मंत्री श्री नेताम ने बालिका विद्यालय में छात्राओं से भोजन, आवास, शिक्षण सुविधाओं एवं स्वास्थ्य व्यवस्था की जानकारी ली। छात्राओं ने संतोषजनक उत्तर देते हुए सुविधाओं को अच्छा बताया। इस दौरान कक्षा 12वीं की छात्राएं आस्था बनपेला, विशाखा ठाकुर एवं कात्यायनी साहू ने कैबिनेट मंत्री से कंप्यूटर, स्मार्ट बोर्ड एवं एक स्टाफ नर्स की मांग रखी, जिस पर उन्होंने यथासंभव समाधान का आश्वासन दिया।
तत्पश्चात मंत्री श्री नेताम ने प्रयास विद्यालय बालक का निरीक्षण किया, जहां अनुसूचित जनजाति वर्ग के विद्यार्थियों से भेंट कर उन्हें पढ़ाई में लगन और अनुशासन बनाए रखने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने विशेष पिछड़ी जनजाति ‘कमार’ से कक्षा 9वीं के छात्र लेखराम नेताम (कांकेर जिला) एवं ‘अबूझमाड़िया’ जनजाति से आसिफ राज उसेंडी (नारायणपुर जिला) से भी विशेष तौर पर भेंट कर कहा कि आप जैसे विद्यार्थियों को देखकर लगता है कि शिक्षा अब हर कोने तक पहुँच रही है। आप सभी मेहनत करें, बड़े लक्ष्य तय करें और एक दिन अपने गांव, जिले और देश का नाम रोशन करें।”
*राज्य स्तरीय टॉप टेन छात्रों से मुलाकात*
मंत्री ने हाल ही में राज्य स्तर पर टॉप टेन में स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी छात्रों से भी भेंट की एवं उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने बच्चों से कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और सकारात्मक सोच से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है।”
*परिसर में किया मधुकामिनी का पौधारोपण*
निरीक्षण के अंत में मंत्री श्री नेताम ने विद्यालय परिसर में मधुकामिनी का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया
इस अवसर पर पूर्व विधायक श्री शिशुपाल शोरी, एसडीएम कांकेर श्री अरुण वर्मा, सहायक आयुक्त (आदिवासी विकास विभाग) सुश्री जया मनु आदि उपस्थित रहे।



