
उत्तर बस्तर कांकेर, 21 जनवरी 2025/कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर के मार्गदर्शन में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. महेश शांडिया के द्वारा आज शिशु संरक्षण माह 2025 का शुभारंभ शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र श्रीराम नगर कांकेर में किया गया। उन्होने बताया कि जिले में शिशु संरक्षण माह का आयोजन 21 जनवरी से 21 फरवरी 2025 तक सप्ताह के प्रत्येक मंगलवार एवं शुक्रवार को किया जाएगा।
शिशु संरक्षण माह के दौरान 09 माह से 05 वर्ष तक के सभी बच्चों को विटामिन-ए की खुराक 6 माह के अंतराल पर पिलाई जाएगी तथा 6 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों को सप्ताह में दो बार मंगलवार एवं शुक्रवार को 1-1 एम.एल आयरन सिरप पिलाने के साथ नियमित टीकाकरण भी किया जाएगा। इसके अलावा कुपोषण की स्थिति की जांच एवं गंभीर कुपोषित बच्चों की पहचान कर पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती कर उपचार करवाया जाएगा। श्री शांडिया ने बताया कि जिले में 57 हजार 601 बच्चों को विटामिन-ए की खुराक एवं 60 हजार 594 बच्चों को आयरन सिरप पिलाया जाएगा। उन्होंने जिले के समस्त लाभार्थियों को शिशु संरक्षण माह के दौरान दी जाने वाली सभी सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की है।



