ChhattisgarhFeature

सूरजपुर में सड़क हादसे से खुला गांजा तस्करी का राज, पलटे ट्रक से मिला 1.19 करोड़ का 238 किलो गांजा, चालक गिरफ्तार

सूरजपुर। जिले के घाट पेंडारी क्षेत्र में हुए एक सड़क हादसे ने गांजा तस्करी के बड़े मामले का खुलासा कर दिया है। पलटे ट्रक से पुलिस ने 238 किलो 290 ग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी कीमत करीब 1 करोड़ 19 लाख रुपये आंकी गई है।

मामला चंदौरा थाना क्षेत्र का है।

प्लास्टिक दाने की बोरियों में छिपाकर ले जा रहे थे गांजा
जानकारी के अनुसार 30 सितंबर को अंबिकापुर-बनारस स्टेट हाईवे पर घाट पेंडारी मुख्य घाट में ट्रक क्रमांक UP 13 T 5497 अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रक में प्लास्टिक दाने की बोरियां लदी थीं।

हादसे के बाद चालक सुनील कुमार ने क्रेन से ट्रक उठवाया और सड़क पर बिखरी बोरियों को मजदूरों से वापस लोड कराने लगा। इसी दौरान उसने कुछ बोरियों को अलग रखकर तिरपाल से ढंक दिया, जिससे स्थानीय लोगों को शक हुआ।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने जब उन बोरियों की जांच की तो अंदर प्लास्टिक दाने की आड़ में छिपाकर रखा गया गांजा मिला। पुलिस ने ट्रक चालक सुनील कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। गांजा कहां से लाया जा रहा था और उत्तर प्रदेश में किसे सप्लाई होना था, इसको लेकर पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।

Related Articles

Back to top button