
दंतेवाड़ा। जिले के गीदम थाना क्षेत्र में मोटर साइकिल चोरी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई दो मोटर साइकिलें बरामद की है।
गीदम पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 2 जून 2026 को प्रार्थी ने थाना गीदम में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी-05-आर-0568 तथा उसके गैरेज में मरम्मत के लिए आई मोटरसाइकिल सीजी-18-ईएन-1935 को अज्ञात चोर हायर सेकेंडरी स्कूल परिसर जावंगा के पास से चोरी कर ले गए। शिकायत के आधार पर थाना गीदम में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मुखबिर की सूचना, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर पुलिस ने संदेहियों की पहचान कर पूछताछ की। पूछताछ में राम मरावी (27 वर्ष), निवासी तोड़ापारा ईरपानार, जिला कोंडागांव तथा राम रवानी (19 वर्ष), निवासी जावंगा, थाना गीदम, जिला दंतेवाड़ा ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर दोनों मोटरसाइकिलें चोरी करना स्वीकार कर लिया।

आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई दोनों मोटरसाइकिलें बरामद कर जब्त कर ली गईं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कार्यवाही उपरांत आज शनिवार को न्यायिक रिमांड पर रवाना किया गया। पुलिस के अनुसार मामले में शामिल अन्य आरोपी की तलाश जारी है, और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में उप निरीक्षक शशिकांत यादव, सहायक उप निरीक्षक प्रशांत सिंह, वेद साहू, प्रधान आरक्षक राजकुमार सिंह, नथलू कवासी तथा आरक्षक बालचंद गावड़े का योगदान रहा।दंतेवाड़ा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों को सुरक्षित स्थान पर खड़ा करें, सुरक्षा उपाय अपनाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस या डायल 112 को दें।



