Featureछत्तीसगढ़

दर्दनाक सड़क हादसा: ट्रेलर ने स्कूटी सवार महिला को रौंदा, ग्रामीणों का विरोध प्रदर्शन

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में शुक्रवार की सुबह कोयला लोड ट्रेलर की चपेट में आकर स्कूटी सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं इस घटना में पति और बच्चे गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मौके पर चक्काजाम कर दिया है। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच चुकी है। यह घटना भूपदेवपुर थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के मुताबिक, रायगढ़ जिले के भूपदेवपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सिंघनपुर के पास कोयला लोड ट्रेलर क्रमांक CG- 13-AD-2483 के चालक ने तेज एवं लापरवाही पूर्वक गाड़ी चलाते हुए स्कूटी सवार महिला उमा राठिया को अपनी अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं मृतका के पति और उसके मासूम बच्चे को भी गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें तत्काल एंबुलेंस के जरिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

बताया जा रहा कि मृतका महिला उमा राठिया आंगनबाड़ी कार्यकर्ता है और आज सुबह अपने पति टीकाराम राठिया और बच्चे के साथ स्कूटी से अपने गांव सिंघनपुर लौट रहे थे, इसी बीच यह घटना हो गई। इस घटना के बाद क्षेत्र के आक्रोशित ग्रामीणों ने मौके पर चक्काजाम कर दिया है, जिससे मार्ग पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई है। मामले की जानकारी मिलते ही भूपदेवपुर पुलिस मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाने का प्रयास कर रही है।

Related Articles

Back to top button