
उत्तर बस्तर कांकेर, जिले में स्वास्थ्यगत सुविधाओं में आशातीत विस्तार हुआ है। स्वास्थ्य विभाग कांकेर जिले को 14 नई 108 एम्बुलेंस प्राप्त हुई, जिससे आपातकालीन सेवाओं में बड़ी सफलता हासिल हुई है। ये एम्बुलेंस जिला अस्पताल सहित विभिन्न सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में सेवाएं देंगी। विधायक श्री आशाराम नेताम ने आज सुबह इन वाहनों को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। इनमें से दो वाहनों में एडवांस लाइफ सपोर्ट एवं शेष 12 एम्बुलेंस बेसिक लाईफ सपोर्ट की सुविधाएं उपलब्ध हैं। विधायक श्री नेताम सहित कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर, छ.ग. मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष श्री भरत मटियारा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण नरेटी, नगरपालिका कांकेर के अध्यक्ष श्री अरूण कौशिक सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने इन एम्बुलेंसों को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया।
उल्लेखनीय है कि इसके तहत जिला अस्पताल को तीन नई एम्बुलेंस प्राप्त हुई, इसके अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चारामा, भानुप्रतापपुर, नरहरपुर, कोयलीबेड़ा, अंतागढ़, दुर्गूकांदल तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र आमाबेड़ा में 108 इमरजेंसी एम्बुलेंस का विस्तार हुआ है। इस दौरान विधायक ने जिलावासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जिले को 14 नई अत्याधुनिक तकनीकी एवं उपकरणों से सुसज्जित एम्बुलेंस मिलने से निश्चित तौर पर स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं में वृद्धि होगी। उन्हांने कहा कि आपातकालीन घटनाओं में ये एम्बुलेंस जीवनदायिनी साबित होंगी। विशेष तौर पर सड़क दुर्घटना के प्रकरणों में पीड़ितों की जानें बचाई जा सकेंगी।



