
कांकेर। कांकेर पुलिस ने अंतरजिला चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपियों पर कांकेर, कोंडागांव और नारायणपुर जिलों में दुकानों और दोपहिया वाहनों की चोरी का आरोप है। पुलिस जांच में सामने आया कि तीनों आरोपी आपस में घनिष्ठ मित्र हैं और अपने शौक पूरे करने के साथ-साथ एक साथी की बाइक की किस्त चुकाने के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस के अनुसार, 20 फरवरी को कोरर थाना क्षेत्र में तीन दुकानों को निशाना बनाया गया था। आरोपियों ने एक कपड़े की दुकान से लगभग 21 हजार रुपए के कपड़े और 300 रुपए नकद पार किए। इसके अलावा एक किराना दुकान से 4 हजार रुपए तथा एक मेडिकल स्टोर से 9 हजार रुपए चोरी किए गए। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की।
जिसके बाद आरोपियों तक पहुंच संभव हो सकी। जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि तीनों आरोपी मूल रूप से नारायणपुर जिले के निवासी हैं। 9 फरवरी को उन्होंने कोंडागांव जिले के फरसगांव क्षेत्र से एक स्कूटी चोरी की थी। इसी स्कूटी का उपयोग कर वे नारायणपुर पहुंचे, जहां एक मेडिकल और जूते की दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। वारदातों के बाद आरोपी कांकेर जिले के चारामा क्षेत्र में किराए के मकान में रह रहे थे, ताकि पुलिस की नजर से बच सकें। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंकज दास मानिकपुरी (22), ललित सोरी (19) और अनिल पोटाई (19) के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि पंकज और ललित नारायणपुर जिले के निगरानीशुदा बदमाश हैं और उनके विरुद्ध पहले से भी विभिन्न आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।

तीनों आरोपियों के खिलाफ नारायणपुर जिले में भी कई मामलों में अपराध दर्ज होने की जानकारी मिली है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने अपने शौक पूरे करने और अनिल पोटाई की मोटरसाइकिल की किस्त चुकाने के उद्देश्य से चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया। आरोपियों के इस खुलासे के बाद पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी में प्रयुक्त एक पल्सर मोटरसाइकिल, एक स्कूटी, दो मोबाइल फोन, कपड़े सहित 410 रुपए नकद जब्त किए हैं। कांकेर पुलिस का कहना है कि आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है और अन्य संभावित मामलों में भी उनकी संलिप्तता की जांच की जा रही है। पुलिस ने नागरिकों से सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल देने की अपील की है।



