
उत्तर बस्तर कांकेर, 16 अगस्त 2025/ छत्तीसगढ़ राज्य के गठन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में वर्ष 2025-26 को रजत महोत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार 17 सितंबर को प्रातः 10 बजे संयुक्त कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय रजत महोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी ने जानकारी दी है कि कार्यक्रम में “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” योजना के अंतर्गत जिले के प्रत्येक विकासखण्ड से चयनित शासकीय स्कूलों की कक्षा 10वीं एवं 12वीं में मेरिट में स्थान प्राप्त करने वाली प्रथम 03-03 बालिकाओं को “मेघावी बिटिया सम्मान” से सम्मानित किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं को प्रोत्साहित करना एवं शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। कार्यक्रम के अंतर्गत जिला महिला सशक्तिकरण टीम एवं जिला बाल संरक्षण इकाई द्वारा छत्तीसगढ़ शासन एवं भारत सरकार द्वारा संचालित महिलाओं एवं बच्चों से संबंधित जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी आमजन को प्रदान की जाएगी। साथ ही, स्वास्थ्य विभाग द्वारा एक मेगा हेल्थ कैम्प का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें नागरिकों के लिए विभिन्न स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।



