
‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत शहर में निकाली जाएगी तिरंगा यात्रा
उत्तर बस्तर कांकेर 12 अगस्त 2025/ देश भक्ति की भावना विकसित करने तथा राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान के उद्देश्य से 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘‘हर घर तिरंगा’’ कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस तारतम्य में बुधवार 13 अगस्त को प्रातः 10 बजे से नरहरदेव शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर कांकेर से तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। उक्त निर्धारित तिथि एवं स्थान पर तिरंगा यात्रा में सम्मिलित होने के लिए अधिकारी-कर्मचारियों को उपस्थित होने कहा गया है।
दिव्यांगजनों एवं वृद्धजनों के यूडीआईडी हेतु प्रमाणीकरण आंकलन शिविर 02 सितम्बर से
उत्तर बस्तर कांकेर 12 अगस्त 2025/ जिले के दिव्यांगजनों एवं वृद्धजनों के आंकलन व प्रमाणीकरण के लिए जिले के सभी जनपद पंचायतों में 02 से 10 सितम्बर तक शिविरों का आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर श्री नीलेश कुमार महादेव क्षीरसागर द्वारा दिए गए निर्देशानुसार उक्त शिविरों में पात्र पाए गए दिव्यांगजनों एवं वृद्धजनों का पेंशन प्रकरण तैयार की जाएगी, यूडीआईडी कार्ड बनाए जाएंगे। इसी प्रकार आधार सीडिंग, बैंक खाता खोला जाना, मोबाईल नंबर एंट्री, ई-केवायसी इत्यादि कार्य किए जाएंगे। इसके अलावा दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण व नकली हाथ-पैर लगाने के लिए नापजोख किए जाएंगे।
समाज कल्याण विभाग से मिली जानकारी के अनुसार जनपद पंचायत कांकेर में 02 सितम्बर को, जनपद पंचायत चारामा में 03 सितम्बर, जनपद पंचायत नरहरपुर में 04 सितम्बर, जनपद पंचायत भानुप्रतापपुर में 05 सितम्बर, जनपद पंचायत दुर्गूकांदल में 08 सितम्बर, जनपद पंचायत अंतागढ़ में 09 सितम्बर और जनपद पंचायत कोयलीबेड़ा में 10 सितम्बर को दिव्यांगजनों एवं वृद्धजनों के आंकलन व प्रमाणीकरण शिविर का आयोजन किया जाएगा, जिसमें उपरोक्त किया जाएगा।

प्रयास बालक एवं कन्या आवासीय विद्यालय ईमलीपारा में कक्षा 11वीं में लेटरल एंट्री के माध्यम से प्रवेश हेतु आवेदन आमंत्रित
उत्तर बस्तर कांकेर 12 अगस्त 2025/ प्रयास बालक एवं कन्या आवासीय विद्यालय ईमलीपारा कांकेर में कक्षा 11वीं में 02 सीट 01 अन्य पिछड़ा वर्ग बालक एवं 01 सामान्य वर्ग कन्या का सीट रिक्त है। इन रिक्त सीटों पर प्रवेश प्राक्चयन परीक्षा के माध्यम से होगा। प्रश्न पत्र कक्षा 10वीं स्तर का होगा। परीक्षा में शामिल होने के लिए कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा में न्यूनतम 60 प्रतिशत अंक या समकक्ष ग्रेड से उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। साथ ही प्रदेश के संपूर्ण अनुसूचित क्षेत्र में स्थित किसी शासकीय अथवा अशासकीय शाला से कक्षा 10वीं उत्तीर्ण होना चाहिए। प्रवेश हेतु ऑफलाइन आवेदन 13 अगस्त से किया जा सकता है। आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 17 अगस्त तक निर्धारित की गई है। पात्र-अपात्र आवेदकों की सूची का प्रकाशन 19 अगस्त को की जाएगी तथा प्रवेश पत्र 20 अगस्त को जारी किए जाएंगे। प्रवेश के लिए चयन परीक्षा का आयोजन 23 अगस्त शनिवार को पूर्वान्ह 11 बजे से दोपहर 1.30 बजे तक आयोजित किया जाएगा और परीक्षा परिणाम 24 अगस्त को घोषित किए जाएंगे।
आवेदक को निर्धारित प्रारूप में ही आवेदन 17 अगस्त तक प्रयास आवासीय विद्यालय ईमलीपारा कांकेर में पंजीकृत डाक अथवा स्वयं उपस्थित होकर जमा करना होगा। निर्धारित तिथि एवं समय समाप्ति पश्चात् आवेदन स्वीकार नहीं किया जावेगा। आवेदन का प्रारूप 13 अगस्त तक प्रयास आवासीय विद्यालय ईमलीपारा कांकेर से प्राप्त किया जा सकता है।
उल्लेखनीय प्रयास आवासीय विद्यालय योजना छत्तीसगढ़ शासन की एक महत्वाकांक्षी योजना है। इस योजना का उद्देश्य नक्सल प्रभावित घोषित जिले एवं आदिवासी उपयोजना क्षेत्र में स्थित शासकीय, अशासकीय शालाओं में अध्ययनरत विद्यार्थियों को उत्कृष्ट शिक्षा प्रदान करते हुए विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों में प्रवेश हेतु प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल होने हेतु प्रारंभ से ही विशेष कोचिंग के माध्यम से तैयार कर सक्षम बनाया जाना है। इन प्रयास आवासीय विद्यालयों से प्रत्येक वर्ष काफी मात्रा में विद्यार्थी चयनित होकर उच्च संस्थानों में प्रवेश लेते हैं।



