
उत्तर बस्तर कांकेर, 12 सितम्बर 2025/ जिले के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों को पारंपरिक बैंकिंग विकल्पों के अतिरिक्त वैकल्पिक वित्तीय स्रोतों की जानकारी देने और उन्हें सशक्त बनाने के उद्देश्य से जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र के द्वारा उद्यमियों के लिए वैकल्पिक वित्तपोषण पर एकदिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में सीएसआईडीसी रायपुर के प्रतिनिधियों ने कार्यशाला में जानकारी देते हुए बताया कि यह योजना सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों को वित्तीय स्रोत, बाज़ार एवं संस्थागत सशक्तिकरण के माध्यम से प्रतिस्पर्धी व सतत विकास की दिशा में बढ़ाने के लिए क्रियान्वित किया जा रहा है। ट्रेड्स प्लेटफॉर्म के संचालन, बिल डिस्काउंटिंग की प्रक्रिया और समयबद्ध भुगतान की सुविधा पर जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि ट्रेड्स प्लेटफॉर्म एमएसएमई को विलंबित भुगतानों से राहत दिलाने और नकदी प्रवाह को बेहतर बनाने का एक प्रभावी माध्यम है। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया लिमिटेड के प्रतिनिधियों ने प्लेटफॉर्म पर सूचीकरण की प्रक्रिया, पात्रता मानदंड एवं इससे सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों को होने वाले फायदे की विस्तार से जानकारी दिया। कार्यशाला में जिले के उद्यमियों, सीए और अन्य हितधारकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी शंका का समाधान भी किया। उन्होंने ऐसी कार्यशाला को समय-समय पर आयोजित करने का आग्रह भी विभागीय अधिकारियों से किया। कार्यशाला में जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक, प्रबंधक एवं विभागीय अधिकारी-कर्मचारी तथा जिले के उद्यमीगण शामिल हुए।



