Featureधार्मिकरायपुर राजधानी

मंदिरों सहित घरों में बंदनवार और दीप सजाकर मनाया हिन्दू नववर्ष.

रायपुर / ब्राह्मण सामाजिक संगठन समग्र ब्राह्मण परिषद् छत्तीसगढ़ के संगठन सहयोगियों एवं सनातनी बांधवों द्वारा आज नव-संवत्सर आरंभ का उत्सव मनाया.
इस आयोजन के विषय में जानकारी देते हुये संगठन की प्रदेश सचिव श्रीमती अर्चना दीवान ने बताया कि विक्रम संवत 2082 एवं चैत्र नवरात्रि के आरंभ के सुअवसर पर छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों सहित रायपुर शहर स्थित अनेक कालोनियों में प्रात:काल घरों सहित मंदिर के मुख्य द्वार में आमपत्र-पुष्प से बने बंदनवार को पंचोपचार पूजन लगाया गया. सायंकाल इन सभी जगहों में ‌नववर्ष के स्वागत में दीपक प्रज्वलित किये गये.
संगठन के प्रदेशाध्यक्ष डा.भावेश शुक्ला “पराशर” द्वारा प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी सनातन संस्कृति एवं परंपरानुसार भारतीय नववर्ष मनाने के लिये विगत एक माह से पूरे देश में संगठन द्वारा “घर-मंदिर बंदनवार सजायेंगे, हिन्दू नववर्ष नूतन संवत्सर मनायेंगे” अभियान का आव्हान किया था. विक्रम संवत भारतीय संस्कृति में बहुत महत्वपूर्ण है और हिंदू धर्म के त्योहारों एवं शुभ कार्यों की तिथियों का निर्धारण इसी आधार पर होता है. विक्रम संवत अंग्रेजी कैलेंडर से 57 साल आगे है. विक्रम संवत में वर्ष की शुरुआत चैत्र माह से होती है. विक्रम संवत ही हमारा राष्ट्रीय संवत कहलाता है जो शुद्ध और वैज्ञानिक है. यह हमारी अस्मिता और स्वाधीनता के अनुरक्षण तथा शत्रुओं पर विजय का प्रतीक भी है. इसी संवत के अनुसार हमारे सभी धार्मिक अनुष्ठान, तीज त्यौहार जैसे – नवरात्र, राम नवमी, महावीर जयंती, हनुमान जन्मोत्सव, विजय दशमी, दीपावली, होली आदि मनाए जाते हैं.
आज विक्रम संवत 2082 के आरंभ एवं चैत्र नवरात्रि के पहले दिन संगठन की सहयोगी बहनों द्वारा प्रात:काल अपने-अपने कालोनियों के घरों एवं मंदिरों में पहुँचकर पंचोपचार से पूजित बंदनवार लगाया गया और सायंकाल दीपक जलाकर नववर्ष की खुशियाँ मनाई गयी.
रायपुर में श्रीमती कालिंदी उपाध्याय, श्रीमती खुशबू शर्मा, श्रीमती अमिता मिश्रा, श्रीमती संध्या उपाध्याय, श्रीमती भारती शर्मा, सुश्री आयुषी शर्मा सहित अनेक संगठन सहयोगियों ने इस अभियान में अपनी सहभागिता की.

Related Articles

Back to top button