
कांकेर 09 नवम्बर 2024/ राष्ट्रीय विधिक सेवा स्थापना दिवस के अवसर पर प्रयास आवासीय विद्यालय कांकेर में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में श्री भास्कर मिश्र सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कांकेर ने छात्रावास के बच्चों को विधिक सेवा प्राधिकरण की महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में बताया, जो न्यायिक सहायता और विधिक जागरूकता के क्षेत्र में काम करता है। उन्होंने बताया कि विधिक सेवा प्राधिकरण की स्थापना 9 अक्टूबर 1995 को हुई थी, जिसका मुख्य उद्देश्य गरीब और वंचित लोगों को न्यायिक सहायता प्रदान करना है। प्राधिकरण न केवल न्यायिक सहायता प्रदान करता है, बल्कि विधिक जागरूकता भी विकसित है। शिविर में मुख्य अतिथि श्री भूपेन्द्र कुमार वासनीकर, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कांकेर ने बच्चों को पॉक्सो एक्ट, टोनही प्रताड़ना अधिनियम के संबंध में जानकारी दी और साथ ही बच्चों को गाड़ी चलते समय हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने और ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के बारे में बताया।



