

उत्तर बस्तर कांकेर 11 अक्टूबर 2024/ कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री निलेश कुमार क्षीरसागर ने आदेश जारी कर विजयादशमी दशहरा उत्सव एवं मॉ दुर्गा प्रतिमा, विग्रह, ज्योत कलश और जंवारा विसर्जन के अवसर पर कानून एवं लोक शांति सुरक्षा व्यवस्था बनाये रखने के लिए कार्यपालिक दण्डाधिकारियों की ड्यूटी लगाई है।
अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी द्वारा जारी आदेशानुसार आदर्श नगर, शीतलापारा, शिवनगर, भण्डारीपारा, संजय नगर, श्रीरामनगर, आमापारा, बीटीआई मार्ग की दुर्गा प्रतिमाओं एवं मरादेव तालाब मार्ग की झांकी शोभायात्रा सहित नरहरदेव हाईस्कूल खेल मैदान एवं अलबेलापारा तालाब विसर्जन स्थल के लिए डिप्टी कलेक्टर श्री राहुल रजक और तहसीलदार सरोना श्री मोहित कुमार साहू की ड्यूटी लगाई गई है। इसी प्रकार सिंगारभाठ, बरदेभाठा, कोदाभाठ, लट्टीपारा, शांति नगर, एमजी वार्ड टिकरापारा, नया बस स्टैण्ड, मेलाभाटा के मॉ दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन हेतु निकलने वाले झांकियों के साथ व मेलाभाटा में रावण दहन स्थल हेतु डिप्टी कलेक्टर सुश्री रानू मैथ्यूज और नायब तहसीलदार सरोना श्री संजय कुमार राय की ड्यूटी लगाई गई है। अलबेलापारा तालाब में विसर्जित होने वाली समस्त दुर्गा प्रतिमाओं, शोभा यात्रा के साथ पुराना बस स्टैण्ड, मस्जिद चौक, राजापारा, सुभाष वार्ड, सिंधी धर्मशाला मार्ग, मांझापारा आदि मुख्य मार्ग सहित कोमलदेव अस्पताल से मस्जिद चौक तक कांकेर तहसीलदार श्री पुष्प राज पात्र ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा अलबेलापारा तालाब में विसर्जित होने वाली समस्त दुर्गा प्रतिमाओं, शोभा यात्रा के साथ घड़ी चौक, अलबेलापारा, सेन चौक, माहुदबंदपारा, जवाहर वार्ड, अन्नपूर्णापारा, ऊपर-नीचे रोड आदि मुख्य मार्ग सहित अलबेलापारा तालाब मस्जिद चौक के पास से कलेक्टर बंगला घड़ी चौक तक तहसीलदार कांकेर श्री अभिषेक देवांगन और घड़ी चौक से गोविन्दपुर एवं मुख्य मार्ग रावण दहन एवं समारोह स्थल नरहरदेव हाईस्कूल खेल मैदान तक नायब तहसीलदार कोरर श्री कृष्ण कुमार पाटले की ड्यूटी लगाई गई है।

*रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण हेतु काउंसिलिंग 14 अक्टूबर को*
उत्तर बस्तर कांकेर 11 अक्टूबर / जिले के बेरोजगार युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था कांकेर एवं औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था भानुप्रतापपुर में 25-25 सीटों में डोमेस्टिक डाटा एंट्री आपरेटर कोर्स में निःशुल्क प्रशिक्षण प्रारंभ किया जा रहा है। महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था कांकेर के प्राचार्य ने बताया कि प्रशिक्षण के लिये 14 अक्टूबर को उक्त संबंधित आई.टी.आई. में प्रातः 11 बजे काउंसलिंग का आयोजन किया जाएगा। जिले के ऐसे युवा जिनकी उम्र 18 वर्ष या उससे अधिक है जो इस प्रशिक्षण प्राप्त करना चाहते हैं। वे शैक्षणिक योग्यता की अंकसूची, आधार कार्ड, 04 पासपोर्ट साईज फोटोग्राफ, निवास प्रमाण पत्र की छायाप्रति के साथ निर्धारित समय में काउंसिलिंग के लिए उपस्थित होकर अपना पंजीयन करा सकते हैं।
*छह प्रकरणों में कलेक्टर ने की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत*
उत्तर बस्तर कांकेर 11 अक्टूबर 2024/कलेक्टर श्री निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर द्वारा राजस्व पुस्तक परिपत्र खण्ड 6-4 के तहत् प्रदत्त अधिकारों का प्रयोग करते हुए सर्प काटने, नदी, तालाब तथा बांध में डूबने से मौत होने के 06 प्रकरणों के लिए 24 लाख रुपए की सहायता राशि स्वीकृत किए हैं। पखांजूर तहसील के पी व्ही 130 छोटे कापसी निवासी रणवीर सीमांत दास और बिहान सीमांत दास की सर्प काटने से मौत होने पर सीमांत दास तथा कनिका दास को 04-04 लाख रुपए, ग्राम अंजाडी निवासी 55 वर्षीय सुकलू ध्रुवा की नदी में डूबने से मृत्यु होने पर बुधनी बाई ध्रुवा को 04 लाख रूपए की सहायता राशि स्वीकृत की गई है। इसी प्रकार दुर्गुकोंदल तहसील के ग्राम पुजारीपारा निवासी 80 वर्षीय खोरिन बाई यादव की सर्प काटने से मौत होने पर मोहन लाल के लिए 04 लाख रूपए तथा ग्राम हाटकोंदल निवासी 58 वर्षीय रजनाथ नरेटी की बांध के पानी में डूबने से मौत होने पर नरसो बाई के लिए 04 लाख रूपए और सरोना तहसील के ग्राम भिरौद निवासी 62 वर्षीय गणेश राम की तालाब ने डूबने से मौत होने पर सदाबाई के लिए 04 लाख रूपए की आर्थिक सहायता राशि प्रदान की गई है।
देवउठनी एकादशी पर्व के लिए स्थानीय अवकाश घोषित
उत्तर बस्तर कांकेर 11 अक्टूबर 2024/ कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने आगामी 01 नवम्बर को ‘गोवर्धन पूजा’ के लिए पूर्व में घोषित स्थानीय अवकाश के स्थान पर 12 नवम्बर 2024 को देवउठनी एकादशी (तुलसी पूजा) पर्व हेतु स्थानीय अवकाश घोषित किया गया है। उपरोक्त स्थानीय अवकाश बैंक, कोषालय एवं उप कोषालय के लिए लागू नहीं होगा।



