छत्तीसगढ़

ठगी का नया तरीका: सरकारी नौकरी का झांसा देकर 2.74 लाख की ठगी, फर्जी नियुक्ति पत्र पकड़ाया

कवर्धा : बेरोजगार युवाओं को सरकारी नौकरी का सपना दिखाकर ठगी करने का एक और मामला सामने आया है। पंडरिया थाना क्षेत्र के किशुनगढ़ निवासी नंदलाल चंद्राकर से पोस्ट ऑफिस में नौकरी दिलाने के नाम पर 2 लाख 74 हजार रुपये की ठगी की गई। ठगी का आरोप जांजगीर जिले के मल्दा निवासी पंकज टंडन पर लगा है।

पंकज टंडन ने खुद को प्रभावशाली व्यक्ति बताते हुए नंदलाल को पोस्ट ऑफिस में सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा दिया और उससे बड़ी रकम ऐंठ ली। पीड़ित को जब नियुक्ति पत्र सौंपा गया, तो वह फर्जी निकला और सच्चाई सामने आने पर नंदलाल ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

पंडरिया थाना पुलिस ने आरोपी पंकज टंडन के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि किसी भी नौकरी के वादे पर पैसे देने से पहले संबंधित व्यक्ति और दस्तावेजों की पूरी जांच करें, ताकि ऐसे ठगों से बचा जा सके। बढ़ती बेरोजगारी के बीच इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे सतर्क रहने की आवश्यकता है।

Related Articles

Back to top button