छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदलेगा: 23 जिलों में बारिश और अंधड़ का खतरा

रायपुर : छत्तीसगढ़ में बीते कुछ दिनों से सामान्य से कम तापमान के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिली हुई है। वहीं, आज एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। मौसम विभाग ने प्रदेश में अंधड़, वज्रपात और बारिश की संभावना जताई है। यह स्थिति अगले दो दिनों तक बनी रह सकती है, जिसके बाद अधिकतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी की संभावना है।

मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने बताया कि मध्य उत्तर प्रदेश से लेकर दक्षिण तमिलनाडु तक 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई पर एक उत्तर-दक्षिण द्रोणिका सक्रिय है। इसके अलावा अन्य चक्रवाती परिसंचरण भी प्रभाव में हैं, जिससे वातावरण में नमी बनी हुई है। इसके चलते प्रदेश के कुछ स्थानों पर गरज-चमक, अंधड़, हल्की बारिश और वज्रपात की संभावना है। साथ ही, आने वाले दिनों में तापमान में बढ़ोतरी का दौर भी शुरू हो सकता है।

पिछले 24 घंटे में वर्षा और तापमान

प्रदेश के कई हिस्सों में पिछले 24 घंटों के दौरान हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। रायपुर में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 37.2 डिग्री सेल्सियस और पेण्ड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

23 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने अगले 3 घंटों के लिए 23 जिलों में गरज-चमक, तेज हवा (30-40 किमी प्रति घंटा) और वर्षा का येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सुरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर शामिल हैं।

रायपुर में भी बारिश का पूर्वानुमान

राजधानी रायपुर में आज मौसम आंशिक रूप से मेघमय रहेगा। गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

Related Articles

Back to top button