Uncategorized

अवैध लकड़ी परिवहन पर वन विभाग सख्त: कोरबा में ट्रैक्टर जब्त, चालक और मालिक पर कानूनी कार्रवाई शुरू

कोरबा : कटघोरा वनमंडल के केंदई वन परिक्षेत्र में वन विभाग की टीम ने अवैध रूप से लकड़ी परिवहन कर रहे एक ट्रैक्टर को पकड़ा है। यह कार्रवाई घोसरा-गेज नदी मार्ग पर की गई, जहां ट्रैक्टर में अवैध रूप से साल की चिरान और बल्ली लदी हुई थी।

सूचना मिलते ही वन परिक्षेत्राधिकारी अभिषेक दुबे के नेतृत्व में टीम ने घात लगाकर शुक्रवार देर शाम कोसाबाड़ी क्षेत्र में ट्रैक्टर (CG 16 CF 1297) को पकड़ा। वाहन चालक राजकुमार बिंछिया, निवासी सरपता गांव, के पास लकड़ी परिवहन से जुड़े कोई दस्तावेज नहीं मिले।

पूछताछ के दौरान चालक ने बताया कि वह यह लकड़ी भारत सिंह सिदार के कहने पर लेकर जा रहा था, जो ट्रैक्टर का मालिक है। इसके बाद दोनों के खिलाफ वनोपज व्यापार विनियमन अधिनियम 1969, काष्ठ चिरान विनियमन अधिनियम 1984, और छत्तीसगढ़ वनोपज अभिवहन नियम 2001 के तहत मामला दर्ज किया गया।

ट्रैक्टर को फिलहाल मोरगा आवासीय परिसर में जब्त कर सुरक्षित रखा गया है। इस कार्रवाई में रामप्रताप कुशवाहा, गंगाराम नेताम, अशोक श्रीवास, पंकज खैरवार, प्रीतम पुराईन और सुनील कुमार डिक्सेना की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

डीएफओ कुमार निशांत के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई को वन विभाग की अवैध वनोपज तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मानी जा रही है।

Related Articles

Back to top button