छत्तीसगढ़

मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट, कई जिलों में तेज हवा और बारिश की चेतावनी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। शुक्रवार को दिनभर गर्मी और उमस के बाद रात को बारिश हुई, जिससे लोगों को हल्की राहत मिली। मौसम विभाग ने शनिवार को भी राज्य के कई इलाकों में गरज-चमक, तेज हवाएं (40-60 किमी प्रति घंटा) और बारिश की संभावना जताई है।

मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा के अनुसार, प्रदेश में आगामी पांच दिनों तक मध्यम से तीव्र मेघ गर्जन, तेज हवाएं और हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान में किसी विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है।

पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक तापमान बिलासपुर में 41.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में रहा।

दक्षिण-पूर्व मानसून के अगले 2-3 दिनों में दक्षिण अरब सागर, मालदीव, कोमोरिन क्षेत्र, अंडमान द्वीप और मध्य बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में सक्रिय होने की संभावना जताई गई है। वहीं, उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश से उत्तर बांग्लादेश तक फैली एक द्रोणिका रेखा के कारण भी छत्तीसगढ़ में मौसम परिवर्तन देखने को मिल रहा है।

मौसम विभाग ने अगले तीन घंटों के लिए प्रदेश के बालोद, बस्तर, बीजापुर, दंतेवाड़ा, धमतरी, दुर्ग, गरियाबंद, कांकेर, खैरगढ़-छुईखदान-गंडई, कोंडागांव, महासमुंद, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, नारायणपुर, रायपुर, राजनांदगांव और सुकमा में तेज हवाएं (40-60 किमी प्रति घंटा), गरज-चमक और बारिश की संभावना को लेकर अलर्ट जारी किया है।

रायपुर में आज आसमान आंशिक रूप से मेघमय रहेगा और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

Related Articles

Back to top button