Featureकांकेरछत्तीसगढ़

भानुप्रतापपुर-दुर्गूकोंदल क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों और शासकीय कार्यालयों का कलेक्टर ने किया अवलोकन व निरीक्षण

परवी के निर्माणाधीन पुल का जायजा लिया, गुणवत्तापूर्ण निर्माण के दिए निर्देश

उत्तर बस्तर कांकेर, 28 मार्च 2025/ कलेक्टर श्री नीलेश कुमार महादेव क्षीरसागर ने आज जिले के भानुप्रतापपुर और दुर्गूकोंदल क्षेत्र के सुदूर वनांचल का सघन दौरा कर वहां चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों का निरीक्षण व अवलोकन किया। साथ ही जिला प्रशासन की विशेष पहल पर “मावा मोदोल“ व ’पूना पर्रियान’ का अवलोकन किया। इसके अलावा उन्होंने विभिन्न शासकीय कार्यालयों व पुल-पुलिया निर्माण कार्य का भी निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उनके साथ जिला पंचायत के सीईओ श्री हरेश मंडावी भी मौजूद थे।
तहसील कार्यालय और आंगनबाड़ी केंद्रों का लिया जायजा –
कलेक्टर श्री क्षीरसागर ने आज सुबह 11 बजे भानुप्रतापपुर के कोरर में प्रस्तावित नवीन लाईब्रेरी भवन का अवलोकन किया, जहां पर उन्होंने भवन कर रंगरोगन एवं साफ सफाई का कार्य पूर्ण कर जल्द से जल्द से लाईब्रेरी प्रारंभ करने के निर्देश जिला पंचायत के सीईओ को दिए। इसके पश्चात उन्होंने कोरर के आंगनबाड़ी केन्द्र क्रमांक-04 का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने नौनिहाल बच्चों से रूबरू होकर उनसे कविताएं व गीत सुनीं तथा सभी बच्चों को चॉकलेट वितरित किया। इसी तरह भानुप्रतापपुर के आंगनबाड़ी केन्द्र क्रमांक-05 में भी जाकर छोटे बच्चों के साथ समय बिताया। इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री विपिन जैन मौजूद थे। इस दौरान उन्होंने उप तहसील कोरर और तहसील कार्यालय भानुप्रतापपुर का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने तहसील में अविवादित नामांतरण, बटवारा, फौती, बी-1, नक्शा, खसरा, सीमांकन आदि राजस्व प्रकरणों की प्रगति की जानकारी ली तथा समय पर निपटारा करने के निर्देश एसडीएम भानुप्रतापपुर श्री जीडी वाहिले और तहसीलदार श्री उर्वशा को दिए। भानुप्रतापपुर में सीमांकन प्रकरणों के निराकरण की अच्छी स्थिति पर सराहना भी की। इसके अलावा उन्होंने तहसील परिसर में स्थित लोक सेवा केन्द्र, उप कोषालय सहित अभिलेख कक्ष, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार कोर्ट रूम व कानूनगो, नाजिर कक्ष आदि का निरीक्षण कर पुराने एवं अनुपयोगी अभिलेखों का नियमानुसार अपलेखन करने और सभी मातहत कर्मचारियों को समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा ग्राम मुल्ला के मेला मैदान प्रस्तावित हैलीपेड निर्माण कार्य का भी मौके पर जाकर संक्षिप्त अवलोकन किया।
“मावा मोदोल” और पूना पर्रियान की गतिविधियों से अवगत हुए कलेक्टर
भानुप्रतापपुर प्रवास के दौरान कलेक्टर ने ग्राम चौगेल के समीप विभिन्न भर्ती परीक्षाओं के लिए शारीरिक प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवक-युवतियों से मुलाकात की तथा उनकी मांग के अनुकूल आवश्यक सुविधाएं जल्द विकसित करने की बात कहीं। तदुपरांत जिला प्रशासन की विशेष पहल पर ’’मावा मोदोल’’ के अंतर्गत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे परीक्षार्थियों से भेंट कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने अत्याधुनिक सुसज्जित लाईब्रेरी, ई-क्लास तथा प्रोजेक्टर के माध्यम से कराई जा रही आनलाईन तैयारियों का अवलोकन किया। उन्होंने प्रतिभागी युवक-युवतियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वे परीक्षा में उत्कृष्ट परिणाम लाने के लिए कड़ी मेहनत करें और अपने लक्ष्य को हासिल करने पूरी शिद्दत से जुट जाएं तो सफलता अवश्य मिलेगी। कलेक्टर ने लाईब्रेरी में रखीं गई उत्कृष्ट और सुसंगत किताबों का सतत पढ़ाई करने की बात भी कही। इस अवसर पर जिला पंचायत के सीईओ श्री मंडावी, जिला शिक्षा अधिकारी श्री अशोक पटेल व मावा मोदोल के फैकल्टी मौजूद थे।
ग्राम परवी-भुरका-खड़का मार्ग पर निर्माणाधीन पुल का किया निरीक्षण-
कलेक्टर ने प्रवास के दौरान आज भानुप्रतापपुर के भुरकानाला पर परवी-भुरका-खड़का पर 60 मीटर लंबाई वाले निर्माणाधीन पुल का अवलोकन व निरीक्षण किया। इस दौरान पुल पर ढ़लाई का काम चल रहा था, जिस पर कलेक्टर ने पूर्ण गुणवत्ता के साथ निर्माण कराने के निर्देश प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के कार्यपालन अभियंता को दिए। उल्लेखनीय है कि जिला निर्माण समिति मद से 02 करोड़ 23 लाख 63 हजार रूपए की लागत से उक्त पुल का निर्माण किया जा रहा है, जिससे आस-पास के गांव वालों को बड़ी राहत मिलेगी। उक्त नाले की वजह से उन्हें ब्लॉक मुख्यालय जाने के लिए 30 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती थी। अब इसके निर्माण हो जाने से सिर्फ 14 किलोमीटर में ही गंतव्य तक पहुंचा जा सकेगा।
एकलव्य आवासीय विद्यालय के निर्माणाधीन भवन का लिया जायजा
इसी तरह कलेक्टर ने दुर्गूकोंदल में निर्माणाधीन छात्रावास भवनों का निरीक्षण कर पूर्ण गुणवत्ता के साथ निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। तत्पश्चात वे ग्राम हानपतरी-भण्डारडिगी के समीप 280 सीटर संयुक्त एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के निर्माणाधीन भवन का अवलोकन व निरीक्षण किया। 38 करोड़ रूपए की कुल से बनाए जा रहे भवन का निर्माण एनपीसीसी नामक एजेंसी द्वारा किया जा रहा है। इसके प्रथम चरण का निर्माण पूर्णता की ओर है, जबकि द्वितीय चरण का निर्माण प्रगतिरत है। इस दौरान कलेक्टर ने वर्तमान में दुर्गूकोंदल में संचालित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय का निरीक्षण कर बच्चों व शिक्षकों से भेंट कर चर्चा की। इसके पहले ग्राम पलाचुर के समीप स्थित जलाशय में तीन समूह की महिलाओं के द्वारा किए जा रहे मछली उत्पादन कार्य का कलेक्टर ने अवलोकन किया। उन्होंने छोटी मछलियों के साथ‘-साथ बड़ी मछलियों का बीज डालकर उत्पादित करने व समुचित विपणन करने की बात समूह की महिलाओं से कही।

Related Articles

Back to top button