
नगरीय निकाय आम निर्वाचन-2025

उत्तर बस्तर कांकेर, 11 फरवरी 2025/ छत्तीसगढ़ राज्य आयोग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार नगरीय निकायों में आज मतदान किया जा रहा है। जिले में स्थित सभी नगरीय निकायों के मतदान केन्द्रों में मतदान सुबह 8 बजे से शुरू हो गया। नगरपालिका परिषद कांकेर के सभी 25 मतदान केन्द्र सहित नगर पंचायत चारामा, भानुप्रतापपुर, अंतागढ़ और पखांजूर के 15-15 बूथों में मतदाता सुबह से ही कतार में लगकर अपनी बारी का इंतजार करते हुए नजर आए। मतदान केन्द्रों के में युवा मतदाताओं के अलावा महिला, वृद्ध और निःशक्तजनों ने भी आज अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
आज सुबह आठ बजे से जिले के सभी पोलिंग बूथों में एक साथ मतदान शुरू हो गया, जहां मतदान अधिकारी क्रमशः उपस्थित मतदाताओं के दस्तावेज का परीक्षण कर ईव्हीएम मशीन के जरिए मतदान कराया। ईव्हीएम मशीन में अध्यक्ष और पार्षद के लिए वोट करते समय दो बार बटन दबाया जा रहा है। इससे शीघ्रता से वोटिंग सम्पन्न हो रही है। आज सुबह 10 बजे की स्थिति में नगरपालिका परिषद कांकेर में 17.31 प्रतिशत, नगर पंचायत चारामा में 25.38, भानुप्रतापपुर में 24.39, अंतागढ़ में 29.77 और नगर पंचायत पखांजूर में 23.15 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इस प्रकार सुबह 10 बजे की स्थिति में जिले के नगरीय निकायों के मतदाताओं ने 21.70 प्रतिशत औसत मतदान किया।



