कांकेरछत्तीसगढ़

कलेक्टर ने उल्लास साक्षरता रथ को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

जिले में 08 सितंबर तक आयोजित की जाएंगी साक्षरता आधारित गतिविधियां

उत्तर बस्तर कांकेर, 02 सितंबर 2024/ राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के प्रति जागरूकता फैलाने और समाज के सभी वर्गों में शिक्षा का प्रचार-प्रसार करने के उद्देश्य से जिले में एक से 8 सितम्बर 2024 तक देशव्यापी साक्षरता सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज कलेक्टर एवं जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री निलेश कुमार क्षीरसागर ने जन-जन को साक्षर बनाने के उद्देश्य से ‘उल्लास नवभारत साक्षरता रथ’ को जिला पंचायत परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान कलेक्टर ने उपस्थित शिक्षकों को असाक्षरों को साक्षर बनाने की शपथ दिलाते हुए जिले में साक्षरता सप्ताह की शुरूआत की। इस अवसर पर जिला पंचायत के सीईओ एवं साक्षरता मिशन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष श्री सुमित अग्रवाल और जिला शिक्षा अधिकारी श्री अशोक पटेल उपस्थित थे।
इस संबंध में बताया गया कि एक से 8 सितम्बर 2024 तक आयोजित साक्षरता सप्ताह के दौरान शिक्षा और साक्षरता पर केन्द्रित विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। साक्षरता सप्ताह का समापन 8 सितम्बर को अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस के दिन होगा। इस साक्षरता सप्ताह के दौरान पूरे देश भर में जिला, ब्लाक, नगरीय एवं ग्राम पंचायत स्तर के साथ-साथ सभी शैक्षणिक संस्थाओं में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसमें बुनियादी साक्षरता, महत्वपूर्ण जीवन कौशल, व्यावसायिक कौशल और सतत् शिक्षा पर ध्यान केन्द्रित किया जाएगा। साथ ही साक्षरता सप्ताह के दौरान उल्लास पर सेमीनार और सम्मेलन का आयोजन, 02 सितम्बर को समस्त शैक्षणिक संस्थाओं में ‘‘उल्लास सबके लिए शिक्षा’’ पर केन्द्रित विभिन्न प्रतियोगिता का आयोजन, 03 सितम्बर को पंचायती राज संस्थाएं एवं नगरीय निकाय स्तरीय सम्मेलन, 04 सितम्बर को उल्लास महिला साक्षरता पर केन्द्रित कार्यक्रम, 05 सितम्बर को शैक्षणिक संस्थानों में उल्लास नवभारत साक्षरता पर केन्द्रित थीम पर भाषण और निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन, 06 सितम्बर को नवाचारी गतिविधियों का प्रदर्शन और सतत् शिक्षा पर केन्द्रित कार्यक्रम, 07 सितम्बर को शैक्षणिक संस्थाओं में उल्लास साक्षरता रैली का आयोजन और अंतिम दिन 08 सितम्बर को राज्य स्तरीय उल्लास मेला और अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button