कांकेर, 24 अगस्त 2024/ छत्तीसगढ़ राज्य सहित जिले में नेशनल लोक अदालत का आयोजन आगामी 21 सितंबर को प्रस्तावित है। उक्त नेशनल लोक अदालत में अधिक से अधिक प्रकरणों के निराकरण एवं तैयारी के संबंध में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं प्रधान जिला न्यायाधीश श्री आनंद कुमार ध्रुव द्वारा गुरुवार 22 अगस्त को जिला न्यायालय कांकेर के सभाकक्ष में जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के साथ संयुक्त बैठक ली गई । बैठक में प्रधान जिला न्यायाधीश ने निर्देश दिए कि जिन मामलों में राजीनामा, समझौता की संभावना है उनकी सूची तैयार कर न्यायालयों में यथाशीघ्र प्रस्तुत करें जिससे कि पक्षकारों को समय पर नेशनल लोक अदालत की नोटिस जारी की जा सके। साथ ही प्री-लिटिगेशन के प्रकरणों को समय पर प्रस्तुत करने हेतु निर्देशित किया गया जिससे कि अधिक से अधिक प्रकरणों का निबटारा नेशनल लोक अदालत के माध्यम से किया जा सके।
बैठक में कलेक्टर श्री नीलेश कुमार महादेव क्षीरसागर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री संदीप कुमार पटेल, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री भास्कर मिश्र एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।




