
उत्तर बस्तर कांकेर, 04 अप्रैल 2025/ जिले के हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना से खुद के पक्के मकान की सुख सुविधा दे रही है। जिले की भानुप्रतापपुर जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत मुल्ला के निवासी श्री सुभाष कौशिक, जो बीते 15 वर्षों से किराये के मकान में जीवन यापन कर रहे थे, अब प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत मिले आवास में अपने परिवार के साथ खुशी-खुशी रह रहे हैं। भूमिहीन और पेशे से भारी वाहन चालक श्री सुभाष कौशिक की मासिक आमदनी मात्र 10 हजार रुपए होने के कारण वे अब तक स्वयं का घर बनाने में असमर्थ थे।
प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिलने के बाद श्री कौशिक ने ग्राम पंचायत के सरपंच और सचिव के सहयोग से अपना मकान पूर्ण कराया। उन्होंने 30 मार्च 2025 को गृह प्रवेश कर अपने नये आवास में कदम रखा। इस अवसर पर उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना उनके जैसे गरीब परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है।

श्री कौशिक ने बताया कि वे बीपीएल परिवार से हैं और इस योजना ने उन्हें सामाजिक और आर्थिक रूप से संबल प्रदान किया है। अब वे अपने नवनिर्मित घर में एक सुखमय जीवन की शुरुआत कर रहे हैं।
यह कहानी प्रधानमंत्री आवास योजना की सफलता और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की सकारात्मक प्रभावशीलता का जीवंत उदाहरण है।



