
रायपुर / छत्तीसगढ़ राज्य के वाहनों में एचएसआरपी नंबर प्लेट के संबंध में आज क्षेत्रीय परिवहन अधिकारियों एवं अनुबंधित कंपनियों की राजधानी रायपुर में हाई लेवल मीटिंग हुई, जिसमें हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट जनता को कम से कम असुविधा के साथ निर्धारित समय में लगाए जा सकें, इसके लिए रोड मैप तैयार की गई।
परिवहन सचिव सह परिवहन आयुक्त एस. प्रकाश एवं अपर परिवहन आयुक्त डी. रविशंकर की अध्यक्षता में इंद्रावती भवन के सेमिनार रूम में राज्य के सभी आरटीओ/डीटीओ के साथ एचएसआरपी प्लेट के लिए अनुबंधित कंपनियों के साथ हाई लेवल मीटिंग ली गई। मीटिंग में जनता को आ रही समस्याओं के बारे में विस्तारपूर्वक चर्चा हुई।

राज्य में 01 अप्रैल 2019 से पहले की लगभग 50 लाख से अधिक पंजीकृत वाहन हैं, एवं लगभग 03 लाख के करीब एचएसआरपी प्लेट के आर्डर प्राप्त हो चुके हैं, किंतु फिटमेंट की गति थोड़ी धीमी है। इसके लिए वाहनों की संख्या के आधार पर अनुबंधित कंपनियों के फिटमेंट सेंटरों की संख्या में वृद्धि करने के साथ कैंप टीम बनाने के निर्देश दिए गए हैं।
रायपुर में 05 टीम, धमतरी में 04 टीम, महासमुंद में 04 टीम, दुर्ग में 08 टीम, कवर्धा में 02 टीम, बिलासपुर में 06 टीम, जांजगीरचांपा में 03 टीम, कोरबा में 05 टीम, रायगढ़ में 06 टीम, जशपुर में 03 टीम, अंबिकापुर में 04 टीम, कोरिया में 03 टीम, जगदलपुर में 03 टीम, दंतेवाड़ा में 02 टीम, कांकेर में 03 टीम,बलौदाबाजार में 03 टीम, गरियाबंद, बालोद, बेमेतरा में 02_02 टीम एवं अन्य जिलों में 01_01 कैंप/मोबाइल टीम बनाने के निर्देश दिए गए जो जिलों के विभिन्न स्थानों पर कैंप लगाकर एचएसआरपी के नियमानुसार आर्डर लेंगे, आवश्यकता अनुसर नंबर अपडेट किए जाएंगे। उसी दिन एवं दूरस्थ जिलों में दूसरे दिन तक अनिवार्य रूप से एचएसआरपी प्लेट फिट किए जाने के निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त अनुबंधित कंपनियों को सभी जिलों में वाहनों की संख्या के अनुसर एचएसआरपी प्लेट बनाने वाली मशीनों की संख्या बढ़ाने के भी निर्देश दिए गए, जिससे जल्द से जल्द लोगों के एचएसआरपी प्लेट बन सके, नियत समय में सम्बन्धित स्थानों पर प्लेट पहुंच सके, फिटमेंट किया जा सके, इसके अलावा एचएसआरपी प्लेट के लिए आर्डर करने पर 15 दिनों दिनों से अधिक की वेटिंग ना हो, प्रत्येक जिलों के लिए नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की जाएगी। मोबाईल नंबर सार्वजानिक किए जाएंगे। कार्यों में तीव्रता, समन्वय लाते हुए 03 महीनों में एचएसआरपी प्लेट फिटमेंट का लक्ष्य रखा गया है।
मीटिंग में परिवहन विभाग की ओर से यूबीएस चौहान संयुक्त परिवहन आयुक्त, मनोज ध्रुव उप परिवहन आयुक्त, कृष्ण कुमार पटेल उप परिवहन आयुक्त, जी आर देवांगन संयुक्त संचालक वित्त, योगेश्वरी वर्मा सहायक क्षेत्र परिवहन अधिकारी के अलावा राज्य के सभी वरिष्ठ क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी, जिला परिवहन अधिकारी के अलावा एचएसआरपी प्लेट के लिए अनुबंधित कंपनियों की ओर से विश्वजीत मुखर्जी, रियल मेंजॉन, अशोक शर्मा, रॉस मार्ट व अन्य अधिकारी शामिल हुए।



