Featureखेलराष्ट्रीय

IPL 2026: MI और LSG के बाद अब KKR और DC पर खतरे की तलवार

नई दिल्ली, IPL 2026 Playoffs की रेस अब आए दिन दिलचस्प होती जा रही है। रविवार 10 मई का दिन तो दो टीमों के लिए एलिमिनेशन डे रहा, क्योंकि दो टीमें आईपीएल 2026 के प्लेऑफ्स की रेस से बाहर हो गई हैं। आईपीएल के 19वें सीजन के प्लेऑफ्स के लिए लखनऊ सुपर जायंट्स और मुंबई इंडियंस क्वालीफाई नहीं कर पाएगी। दोनों टीमें अब तक इस सीजन 8-8 मैच हार चुकी हैं। सिर्फ 3-3 मुकाबले ही इन दोनों टीमों ने जीते हैं, जबकि 3-3 मैच बाकी हैं, लेकिन उनको जीतकर एमआई और एलएसजी को प्लेऑफ्स का टिकट नहीं मिलेगा। इस बीच दो और टीमें हैं, जिन पर एलिमिनेशन का खतरा मंडरा रहा है। उनके बारे में जान लीजिए।

एमआई और एलएसजी के बाद सबसे ज्यादा खतरा आईपीएल 2026 से बाहर होने का दिल्ली कैपिटल्स पर है। अक्षर पटेल की कप्तानी वाली टीम अब तक 7 मैच हार चुकी है। 4 मैच जीते जरूर हैं, लेकिन बाकी सिर्फ 3 ही मुकाबले हैं। उन तीन मैचों को जीतकर भी प्लेऑफ्स का टिकट मिलने की संभावना बहुत कम है। अगर टीम एक भी मुकाबला हार जाती है तो आधिकारिक तौर पर टूर्नामेंट के प्लेऑफ्स की रेस से बाहर हो जाएगी। इसके पीछे का कारण यह है कि दिल्ली के लिए अगली हार आईपीएल 2026 की आठवीं हार होगी और ऐसे में फिर डीसी सिर्फ 12 पॉइंट्स तक पहुंच पाएगी, जिस पर क्वालीफिकेशन होगा नहीं।

दिल्ली कैपिटल्स के बाद कोलकाता नाइट राइडर्स ऐसी टीम है, जिस पर एलिमिनेट होने की तलवार लटकी हुई है। कोलकाता नाइट राइडर्स यानी केकेआर मौजूदा समय में आईपीएल 2026 की पॉइंट्स टेबल में सातवें पायदान पर है। 10 में से 4 मैच केकेआर ने जीते हैं, जबकि 5 मैचों में हार झेली है। एक मैच बेनतीजा रहा है। अच्छी बात केकेआर के साथ यह है कि उनके अभी 4 मुकाबले बाकी हैं। 4 में से अगर दो मुकाबले केकेआर हारी तो फिर टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी, क्योंकि 13 पॉइंट्स पर टीम क्वालीफाई नहीं कर पाएगी।

अगर केकेआर 4 में से एक मैच हारती है तो भी टीम 15 अंकों तक पहुंच पाएगी और उस केस में भी टीम के प्लेऑफ्स में पहुंचने के चांस कम ही होंगे, क्योंकि अभी चार टीमें ऐसी हैं, जिनके खाते में 13 या इससे ज्यादा पॉइंट्स हैं। उन टीमों ने एक-एक मैच भी जीता, तो किसी के 16 अंक हो जाएंगे, तो किसी के 15 अंक हो जाएंगे। ऐसे में नेट रन रेट खेल में आएगा, जो कि केकेआर का अच्छा नहीं है।

Related Articles

Back to top button